Home Featured जेसीबी से बने गड्ढे के पानी में डूबने से 6 वर्षीय बालक की मौत।
Featured - मुख्य - May 5, 2022

जेसीबी से बने गड्ढे के पानी में डूबने से 6 वर्षीय बालक की मौत।

दरभंगा: जिले के बहेड़ी प्रखंड क्षेत्र के अटहर उत्तरी पंचायत के दाईंग गांव में गुरुवार को हरेराम शर्मा के छह वर्षीय पुत्र आयुष कुमार की मौत घर के पास ही बने गड्ढे के पानी में डूबने से हो गयी। बताया गया है कि सड़क निर्माण एजेंसी ने किसी काम के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदकर छोड़ दिया था। उस गड्ढे में पानी जमा हो गया था। यह गड्ढा मृतक के घर के पास ही बना हुआ है।

स्थानीय लोगों एवं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बच्चा खेलने के क्रम में फिसलकर गड्ढे में भरे हुए पानी में चला गया। बच्चे को काफी देर तक इधर-उधर खोजा गया। बाद में पानी भरे गड्ढे से उसकी लाश बरामद हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां हीरा देवी, दादा रामेश्वर शर्मा व दादी गया देवी का रो-रो कर बुरा हाल था।

Advertisement

मुखिया पुनीता देवी के प्रतिनिधि भाग्य नारायण यादव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। अंचलाधिकारी अवधेश प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आपदा प्रबंधन कोष से मृतक के निकट परिजन को चार लाख रुपये का चेक सौंपा जाएगा।

Share