
बारिश एवं जलजमाव ने किया दरभंगा नगर निगम के नये नगर आयुक्त का स्वागत।
दरभंगा: गुरुवार को दरभंगा नगर निगम के नये नगर आयुक्त के रूप में कुमार गौरव ने पदभार ग्रहण किया। नगर निगम कार्यालय में तत्कालीन नगर आयुक्त अखिलेश कुमार सिंह ने उन्हें प्रभार सौंपा। प्रभार लेने पहुँचे नगर आयुक्त का स्वागत जहां दरभंगा में हुई बारिश ने किया, वहीं नगर निगम परिसर में पहुंचते ही उन्हें झील में तब्दील नगर निगम परिसर का नजारा भी दिख गया।
बताते चलें कि सामान्य प्रशासन विभाग ने गत 28 अप्रैल को कैमूर में पदस्थापित कुमार गौरव को दरभंगा नगर निगम के नगर आयुक्त के पद पर स्थानांतरण का आदेश जारी किया था। कुमार गौरव 2017 बैच के आईएएस हैं। नये नगर आयुक्त के पहले दिन के कार्यकाल में ही भारी बारिश के कारण नगर निगम प्रांगण झील में तब्दील हो गया। वे नगर निगम प्रांगण में जलजमाव देख भौंचक रह गये। कार्यालय में जाने से पूर्व उन्होंने पूरे परिसर में जमा हुए पानी का वीडियो बनाया।

प्रभार लेने के उपरांत अपनी प्राथमिकताओं के विषय मे नगर आयुक्त कुमार गौरव ने बताया कि शहर में कचरा प्रबंधन बेहतर तरीक़े से शहर को साफ सुथरा रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा जलजमाव न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र की जनता को जो भी सुविधाएं नगर निगम द्वारा दी जानी है, वे सभी मिले, इसका वे पूरा प्रयास करेंगे।

