
हल्की बारिश में ही फिर खुली निगम के दावों की पोल, शहर दिखने लगा पानी पानी।
दरभंगा: दरभंगा नगर निगम की तैयारियों के साथ साथ जिला प्रशासन के जल निकासी के दावों की पोल यूं तो दरभंगा में हर साल बारिश के मौसम में खुलती ही है, पर इस बार तो बारिश के मौसम के पूर्व ही हल्की बारिश ने ही दावों की धज्जियां उड़ा दी है। लोगों को बारिश के मौसम के पूरी तरह आने के बाद होने वाली स्थिति की भयावहता की झलक गुरुवार की हुई बारिश ने दिखा दी है।
दरअसल, गुरुवार को हुई कुछ घंटों की बारिश ने ही नगर निगम की व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर में जगह-जगह जलजमाव होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। हर बार की तरह इस बार भी निगम ने दावा किया था कि शहर में वाटरलॉगिंग नहीं होने देंगे, लेकिन गुरुवार को नगर निगम परिसर में ही जलजमाव हो गया। दो दिनों में हुई बारिश की वजह से शहर में जगह-जगह जलजमाव हो गया है। इसके चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। नगर निगम प्रांगण में भी दो फिट से अधिक जलजमाव है। इसके अलावा शहर के लालबाग, लक्ष्मीसागर, गांधीनगर-कटरहिया, बंगाली टोला, बलभद्रपुर जैसे कई बड़े मोहल्लों में एक से दो फीट तक पानी जमा हो गया है।

इस संबंध में पूछने पर नगर प्रबंधक नागमणि सिंह ने बताया कि जलजमाव से निजात के लिए नालों की सफाई के लिए पूर्व से ही तीन गैंग को लगया गया है। समय से पूर्व बारिश होने से शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन हो गई है। कुछ घंटे बीतने पर जलनिकासी हो जाएगी। जिन जगहों पर जलनिकासी नहीं हो पाएगी उन जगहों पर दमकल से पानी हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज ही नये नगर आयुक्त ने प्रभार लिया है। कल उनसे विमर्श कर सभी गैंग में 20-20 और मानव बल बढ़ाकर जल्द से जल्द पूरे नगर क्षेत्र के नालों की सफाई करवायी जाएगी।

