
सुलह लायक मामलों को ज्यादा से ज्यादा ग्राम कचहरी के माध्यम से निपटाएं सरपंच: जावेद आलम।
दरभंगा: सोमवार को जिला परिषद सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा ग्राम कचहरी के प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव जावेद आलम की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सचिव श्री आलम ने ग्राम कचहरी को सरकार द्वारा प्रदत्त शक्तियों के विषय में जानकारी देते हुए इनका पूर्ण उपयोग करने को कहा। उन्होंने छोटे मोटे सुलहनीय मामलों को ग्राम कचहरी द्वारा निपटाने के तरीके एवं कानूनी पहलुओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी। जमीनी विवादों को कैसे आसानी से निपटाया जा सके, इसके विषय मे विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक के सम्बंध में श्री आलम ने बताया कि बहुत से ऐसे मामले हैं जो आपस में सुलहनीय हैं। उसकी सूची बनाकर ग्राम कचहरियों को उपलब्ध करवाया जा चुका है। सभी सरपंचों को मामले में दोनों पक्षों को बुलाकर कारवाई कर आगामी 14 मई को लोक अदालत में रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा गया है ताकि लोक अदालत के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा मामलों का निष्पादन किया जा सके।

जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज ने बताया कि बिहार एकलौता ऐसा राज्य है जहां पंचायत स्तर पर न्यायपालिका और कार्यपालिका अलग अलग कार्य करती है। विकास का कार्य मुखिया के द्वारा देखा जाता है और न्यायिक कार्य सरपंच के द्वारा संपादित किया जाता है। ग्राम कचहरी को सशक्त बनाने केलिए न्यायमित्र एवं ग्राम कचहरी सचिव की नियुक्ति की गयी है। साथ ही षष्टम वित्त आयोग से कार्यालय के विकास हेतु राशि भी उपलब्ध करवायी गयी है। दरभंगा जिले में ग्राम कचहरी के कुछ पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने केलिए सरकार को लिखा गया है। जल्द सारे पद पर नियुक्ति हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम कचहरी को सशक्त बनाने में पंचायती राज विभाग द्वारा सभी प्रकार का सहयोग ग्राम कचहरी को किया जाएगा।

