
कार की ठोकर से बाइक सवार युवक जख्मी।
दरभंगा: जिले के सिमरी थानाक्षेत्र अंतर्गत दरभंगा-मुजफ्फरपुर पथ एनएच 57 पर मंगलवार की शाम एक कार ने बाइक सवार युवक को ठोकर मार दी। इस ठोकर से युवक को काफी चोटें आयीं और उसकी हालत गम्भीर बतायी जा रही है।
घटना में घायल युवक की पहचान बसतवाड़ा डीह निवासी नंदलाल साह के रूप में हुई है। गंभीर रूप से जख्मी युवक को इलाज के लिए दरभंगा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया

गया है। मौके पर पहुंची सिमरी पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।
बताया गया है कि युवक अपने घर से गौड़ा चौर से भूसा लाने जाने के लिए बाइक से निकला था। तेलिया पोखर चौक के पास जैसे ही वह दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच पर पहुंचा कि दरभंगा की ओर से बेलगाम आ रही कार ने उसे ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही बाइक सहित युवक दूर जाकर गिरा। खून से लथपथ युवक की मदद के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में कर लिया।

