Home Featured तीन दिनों में नवगठित वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति को सौंपे प्रभार, वरना जेल जाने को रहें तैयार!
Featured - मुख्य - May 13, 2022

तीन दिनों में नवगठित वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति को सौंपे प्रभार, वरना जेल जाने को रहें तैयार!

दरभंगा: पंचायती राज विभाग द्वारा बार-बार रिमाइंडर दिये जाने के बाद भी ग्राम पंचायतों में वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के गठन का सुस्त रवैया बरकरार है। यही कारण है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 4368 वार्डों में अब भी 3040 में समिति का गठन हो सका है। दूसरी समस्या यह है कि जिन वार्डों में समिति गठित हो गई है, वहां भी अधिकांश में पूर्व की समिति द्वारा उन्हें लेखा-जोखा का हस्तांतरण नहीं किया जा रहा है। इस कारण वार्ड की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। जिले में मात्र 945 वार्डों में ही लेखा-जोखा का हस्तांतरण किया जा सका है। इसप्रकार अभी भी 3323 वार्डों में लेखा जोखा का हस्तांतरण होना बाकी है। वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंध समिति का गठन नहीं होने से पंचायत की योजनाएं प्रभावित हो रही है।

इसको लेकर पंचायती राज विभाग के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन ने भी सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इस विषय को गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजीव रौशन ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि

Advertisement

पंचायत चुनाव के बाद 15 जनवरी 2022 तक वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति का गठन कर लिया जाना था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा सका है। इस स्थिति में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व पंचायत राज पदाधिकारी अविलंब सभी प्रकार की योजनाओं से संबंधित पंजी, संचिका व अन्य सभी कागजातों के साथ-साथ अंकेक्षित रोकड़ पंजी नवगठित वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति को तीन दिनों में हस्तगत कराएं।

जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में प्रखंड स्तर पर वार्ड सदस्यों को प्रभार दिलाने व समिति का गठन करने की कवायद तेज हो गई है। इस पूरी प्रक्रिया की माॅनीटरिंग जिला पंचायत राज पदाधिकारी आलोक राज कर रहे हैं। जिला पंचायत राज पदाधिकारी आलोक राज ने बताया कि, प्रभार दिलाने को लेकर प्रक्रिया की जा रही है। इस सिलसिले में जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में कार्य किए जा रहे हैं। शीघ्र ही जिले के सभी वार्डों में वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति का गठन कर प्रभार दिलाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

अपने पत्र में सभी बीडीओ को स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में संपूर्ण प्रभार का आदान प्रदान करा दिया जाए। जो लोग इस काम में आनाकानी कर रहे हैं, उन्हें पहले नोटिस किया जाए। फिर भी यदि बात नहीं मान रहे तो उनके खिलाफ थाने में पंचायती राज अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।

बताते चलें कि ग्राम पंचायत चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद ही सभी वार्डों में समिति का गठन करना था। पर अभीतक सभी वार्डों में समिति गठित नही हो सकी है। वार्ड में पंचायती राज विभाग की योजनाओं का संचालन और उसके रख-रखाव में प्रमुख भूमिका है। इसके लिए वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के खाते में राशि हस्तांतरित की जाती है। पर, समिति का गठन नहीं होने और पूर्व की समितियों द्वारा लेखा-जोखा का हस्तांतरण नहीं करने से राशि हस्तांतरण का कार्य भी रुका हुआ है।

Share