
पैसा लूट कर भाग रहे दो लूटेरों को पुलिस पीछा कर धर दबोचा।
दरभंगा: जिले के बहेड़ी थाना की पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पैसा लूट कर भाग रहे दो बदमाशों को खदेड़ कर पकड़ लिया और रुपये भी बरामद कर लिए।
इस संबंध में बहेड़ी थाना परिसर में शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर बेनीपुर एसडीपीओ डॉ कुमार सुमित ने गुरुवार को रुपये छीनकर भागने वाले दोनों शातिर अपराधी के साथ लूट कांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार को बहेड़ी थाना से चंद कदम की दूरी पर महुली गांव के स्व. भोला राय के पुत्र रामप्रवेश राय उर्फ मनोज के हाथ से झोले में रखे गए एक लाख 33 हजार पांच सौ रुपये झपट्टा मारकर छीनते हुए एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था और सिंधिया की ओर भाग निकले थे। बेनीपुर एसडीपीओ श्री सुमित ने बताया कि घटना के बाद मिली सूचना पर त्वरितकार्रवाई करते हुए बहेड़ी थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा, एएसआई मुणिपाल व अरविंद कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल चौकीदार अवधेश पासवान, योगी यादव व रमाकांत यादव के साथ बघौनी चौक की तरफ पीछा किया गया। जहां कुछ लोगों ने बताया कि दोनों बदमाश एक पल्सर बाइक से बघौनी चौक पर एक्सीडेंट होकर जख्मी हो गये और वहां से किसी तरह फिर बघौनी पंचायत भवन के दाहिना से परसा गांव की तरफ भागे हैं। बदमाशों का पीछा करते हुए दोखटा हाट होते हुए काकड़ घाट पहुंचकर दोनों को घेरा गया। जहां दोनों बदमाश बाइक छोड़कर नदी में कूद गये और तैरते हुए नदी के उस पार भागने लगे। जहां पुलिस वालों ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। नाम-पता पूछने पर दोनों बदमाशों ने कटिहार जिला के रौतारा थाना क्षेत्र के रौतारा गांव के ही सुल्तान यादव के 22 वर्षीय पुत्र करण कुमार तथा स्व. किरण यादव के 21 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार बताया। पकड़े गए लुटेरे के पास से लूटे हुए 1,33,500 रुपये बरामद हुआ। साथ ही कांड में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल भी बरामद किया गया।

मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति श्री राय के बयान के आधार पर बहेड़ी थाना में सुसंगत धाराओं में कांड संख्या-141/22 दर्ज करते हुए शुक्रवार को दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

