
किसान के घर में लगी आग में सबकुछ जलकर हुआ राख।
दरभंगा: जिले के जाले प्रखण्ड कमतौल थानाक्षेत्र अन्तर्गत रतनपुर गांव के वार्ड संख्या पांच के किसान स्व. जोगी ठाकुर के पुत्र सुरेश ठाकुर उर्फ खट्टर ठाकुर के ईंट-खपड़े के घर में बीती रात लगभग दस बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। उनके घर से आग की लपटें निकलते देख बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता की वजह से कई घर जलने से बच गए। तब तक किसान का घर जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था और घर में रखा अनाज और कपड़े आदि जलकर खाक हो चुका था।
वहीं इस दौरान आग बुझाने के क्रम में रतनपुर गांव के ही किराना व्यवसाई मोहन ठाकुर सहित दिनेश ठाकुर एवं छोटू साह जख्मी हो गए। सभी लोगों का निजी स्तर पर इलाज चल रहा है। पीड़ित किसान ने इस घटना की लिखित सूचना जाले के सीओ राकेश कुमार को दी है। किसान ने आपदा के तहत समुचित सहयोग की गुहार लगाई है। कमतौल थाना को भी घटना की लिखित जानकारी दी गई है।

