Home Featured लोक अदालत के दौरान दरभंगा में 645, बेनीपुर में 77 तथा बिरौल में 48 मामलों का हुआ निष्पादन।
Featured - मुख्य - May 14, 2022

लोक अदालत के दौरान दरभंगा में 645, बेनीपुर में 77 तथा बिरौल में 48 मामलों का हुआ निष्पादन।

दरभंगा: राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को दरभंगा न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह जिला जज रुद्र प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जज श्री मिश्र, न्यायिक अधिकारी, प्राधिकार के सचिव, एडीजे जावेद व जिला बार एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से किया।

Advertisement

जिला जज श्री मिश्र ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारगण लाभ उठाएं तथा समाज व गांव में पूर्व से चली आ रही वैमनस्यता को समाप्त कर आपसी सामंजस्य कायम करें। इसमें कोई राशि बतौर कोर्ट फीस नहीं लगती है। पूर्व में न्यायालय में दाखिल कोर्ट फीस की राशि को भी वापस करने का प्रावधान है। एसोसिएशन के महासचिव श्री मिश्र ने भी विचार रखे। लोक अदालत में 645 मामलों का निपटारा पक्षकारों के आपसी समझौते के आधार पर किया गया। इसमें पक्षकारों व बैंकों तथा विभागों के साथ तीन करोड़ 46 लाख 57 हजार 788 रुपये का समझौता किया गया। लोक अदालत में निपटारे के लिए 681 मामलों को लाया गया था जिसमे 645 मामलों का निपटारा किया गया। विभिन्न बैंकों व विभाग के अधिवक्ता सोहन कुमार सिन्हा, सुधीर कुमार कर्ण सहित अन्य उपस्थित थे।

बेनीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 77 मामलों का निपटारा सुलह-समझौते के आधार पर किया गया तथा 35 लाख रुपये का समझौता कराया गया।

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अमित आनंद की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में तीन बेंचों का गठन किया गया था। पहले बेंच पर श्री आनंद एवं पैनल अधिवक्ता शत्रुघन झा ने पांच आपराधिक मुकदमों व एक माप तौल विभाग के वाद का निष्पादन किया। इसके अलावा स्टेट बैंक के 13 मामलों में 11 लाख 20 हजार 300 रुपये तथा पंजाब नेशनल बैंक के 11 मामलों में दो लाख 83 हजार 600 रुपये का

Advertisement

समझौता कराया गया। दूसरे बेंच पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय प्रणव कुमार भारती व पैनल अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्र ने सात आपराधिक व एक बैंक ऑफ इंडिया के मामले में 50 हजार रुपये का समझौता कराया। तीसरे बेंच पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय संजीव कुमार पांडेय और पैनल अधिवक्ता नवलकिशोर ने चार आपराधिक मामलों व 32 ग्रामीण बैंक के मामलों में 14 लाख 48 हजार का समझौता कराया। टेलीफोन संबंधी तीन मामलों को भी सुलझाया गया। मौके पर बेनीपुर अधिवक्ता संघ के महासचिव सुशील कुमार चौधरी, पीएनबी के अमरदीप कुमार पांडेय, केशव कुमार सिंह, एसबीआई के रीना कुमारी, सीबीआई के सूरज कुमार सिंह थे।

बिरौल व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता एसीजेएम प्रथम महेंद्र प्रसाद यादव ने की। इसमें कुल 86 मामलों का निपटारा किया गया। विभिन्न बैंकों के कर्जदारों से 19 लाख 32 हजार 135 रुपए का सेटलमेंट कर सात लाख 36 हजार रुपए जमा कराये गए। प्रथम बेंच पर एसीजेएम प्रथम महेंद्र प्रसाद यादव व पैनल अधिवक्ता रीना कुमारी के बेंच में 38 आपराधिक मामले निपटाये गए। दूसरे बेंच में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह मुंसिफ कुमार शशि व पैनल अधिवक्ता उत्तम चौपाल के बेंच में 48 मामलों का निपटारा किया गया।

Share