
सर्पदंश के बाद 24 घंटा डीएमसीएच में इलाजरत रहने के वाबजूद नही बची महिला की जान।
दरभंगा: जिले के बहेड़ी अंचल क्षेत्र के गैवाल गांव के रामविलस मंडल की 61 वर्षीया पत्नी फुलो देवी की रविवार की देर रात को सर्पदंश से मौत हो गयी। महिला निहायत ही गरीब परिवार की थी। वह अपने घर में जमीन पर ही 14 मई शनिवार की देर रात को सोई हुई थी। नींद में ही करवट बदलने के क्रम में करैत सांप ने उसे डस लिया। पीड़िता के शोर मचाने पर आस-पड़ोस से पहुंचे लोगों ने तत्काल सांप को मार दिया और तुरंत ही उसे इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया। वहां वह करीब 24 घंटे तक मौत से लड़ने के बाद जिंदगी की जंग हार गई।

डीएमसीएच से सर्पदंश से मौत का प्रमाणपत्र मिलने के बाद लाश को उनके पैतृक गांव लाया गया। उनके पुत्र अमित कुमार ने मुखाग्नि दी। उन्हें एक पुत्र तथा तीन पुत्रियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। आकस्मिक मृत्यु से आस-पड़ोस में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था।
इस संबंध में पूछने पर सीओ अवधेश प्रसाद ने बताया कि सांप काटने से मौत की पुष्टि डीएमसीएच से करने पर मृतक के निकट परिजन को आपदा प्रबंधन कोष से चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया जाएगा।

