Home Featured युवक की हत्या कर शव को फेंका, परिजनों ने लगाया भूमि विवाद में हत्या का आरोप।
Featured - मुख्य - May 16, 2022

युवक की हत्या कर शव को फेंका, परिजनों ने लगाया भूमि विवाद में हत्या का आरोप।

 

दरभंगा: इन दिनों दरभंगा में कोई ऐसा दिन नहीं बीत जहां से कोई अपराधिक घटनाओं के बारे में सुनने को नहीं मिलता हो। आये दिन अपराधी कहीं न कहीं अपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहते है। मानों दरभंगा को किसी की नजर लग गई हो। जिले में शहर से लेकर गांव तक अपराधियों का तांडव मचा हुआ है। इसी क्रम में सोमवार को लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोहल्ला स्थित कचहरी पोखर के बगल में सोमवार की अहले सुबह एक युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना लहेरियासराय थाने की पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सोनकी ओपी अंतर्गत पाता गांव निवासी रंजीत लालदेव के 19 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में की गयी। अमित परदेस में रहकर फर्नीचर की दुकान में हेल्पर का काम करता था। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर से एक गोली बरामद हुई है। इसकी पुष्टि लहेरियासराय थानाध्यक्ष मदन प्रसाद ने की है।

Advertisement

उधर,परिजन पोस्टमार्टम हाउस में अमित का शव देखते ही फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों का कहना है कि अमित की हत्या की गई है। अमित के चाचा भोला लालदेव ने कहा कि उनका गांव में ही एक व्यक्ति से भूमि विवाद चल रहा है। उसने ही अमित की हत्या करवा दी है। पूर्व में भी विरोधियों ने उनके परिवार के एक सदस्य की हत्या करवा दी थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share