
कुव्यवस्था से आजिज मेडिकल छात्रों ने ठप्प कराया डीएमसीएच ओपीडी।
दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज में क्लासरूम एवं आवास में व्याप्त भारी कुव्यवस्था से आजिज एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों ने जहां मंगलवार को सांकेतिक आंदोलन किया, वहीं बुधवार को हड़ताल की घोषणा कर दी और घण्टों ओपीडी सेवा को बाधित रखा। फलस्वरूप सैकड़ों मरीजों को वहां से बैरंग लौटना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान छात्र डीएमसीएच नहीं टूटेगा, डीएमसीएच का पुनर्वास करो आदि नारे लगाते हुए केंद्रीय ओपीडी में करीब 12 बजे इलाज ठप कर दिया।
साथ ही हमारी पढ़ाई और रहने की व्यव स्था ठीक करो, डीएमसीएच को 77 एकड़ में करो, डॉक्टर बनने से पहले हमें मरीज बनने से बचाओ आदि नारे लिखे तख्तियों लेकर छात्रों ने कॉलेज व अस्पताल परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। उन लोगों ने कहा कि एम्स के निर्माण से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। इससे पहले डीएमसीएच का पुनर्वास कर उनके लिए पठन-पठन की माकूल व्यवस्था की जाए।

मेडिकल स्टूडेंट्स ने कहा कि यहां दाखिला लेने के बाद उन्हें लगातार नारकीय परिस्थिति से जूझना पड़ रहा है। जहां बायो केमिस्ट्री, फिजियोलौजी और एनाटोमी की कक्षाएं चल रही है, वह पूरा इलाका धूल से भरा है। अभी तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी है। छात्रों ने कहा कि मौजूदा परिस्थिति में डॉक्टर बनने से पहले वे स्वयं मरीज बन जायेंगे। उन लोगों ने कहा कि उनके छात्रावास की हालत बेहद नारकीय है। थोड़ी सी बारिश में भी वहां जलजमाव हो जाता है। कई बार तो उन लोगों ने वहां सांप निकलते भी देखा है। छात्रों ने कहा कि इस ऐतिहासिक मेडिकल कॉलेज में हमने नामांकन बेहतर डॉक्टर बनकर मरीजों की सेवा के लिए लिया है। हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पढ़ाई और रहने की बेहतर सुविधा नहीं मिलेगी तो फिर हमारा सपना कैसे पूरा होगा। उन लोगों ने समस्याओं का निदान होने तक चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की।

