
संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ से निपटने की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक।
दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ से निपटने के लिए संबंधित विभाग एवं सभी जिलाधिकारियों के तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की गयी। समाहरणालय परिसर स्थित एनआईसी से डीएम राजीव रौशन एवं अन्य अधिकारीगण भी जुड़े थे।
बैठक में डीएम राजीव रौशन ने बताया कि दरभंगा जिले में बाढ़ राहत सामग्री, पॉलिथीन शीट्स, पशुचारा के लिए दर का निर्धारण कर लिया गया है। दरभंगा प्रमंडल के नोडल जिला होने के नाते पॉलिथीन शीट्स की व्यवस्था नये निर्देश के आलोक में कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दरभंगा में 198 सरकारी नाव हैं, जिनकी मरम्मति का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा 468 निजी नाव हैं, जिनके नाविकों के साथ एकरारनामा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में किसी भी नाविक का भुगतान बकाया नहीं है। बताया कि विगत वर्ष जो सामुदायिक किचन चलाया गया था, उनका भी भुगतान कर दिया गया है। विगत वर्ष के शत-प्रतिशत बाढ़ प्रभावित परिवारों के अनुग्रह अनुदान की राशि का भुगतान उनके खाते में कर दिया गया है। सम्पूर्ति पोर्टल पर लाभुकों की सूची अद्यतन किया जा रहा है, जो एक सप्ताह में पूर्ण करा लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारी एवं तकनीकी अधिकारी द्वारा किया गया है। एसडीआरएफ के आवासन की व्यवस्था के लिए स्थल चि्ह्तित कर प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि वांछित 21 प्रकार की पशु दवा उपलब्ध हैं। साथ ही सभी आवश्यक मानव दवाएँ उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन द्वारा एसओपी के अनुसार संभावित बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी है। बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 01 जून से ही सब जगह सचेत रहना है। सभी जिले के प्रभारी मंत्री सिंचाई, लघू सिंचाई, परिवहन के लिए किये गये कार्यों का फीडबैक स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जानकारी प्राप्त कर लें, कि काम हुआ है या नहीं। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान के अन्तर्गत सोख्ता के निर्माण कार्य की समीक्षा भी कर लेने को कहा, क्योंकि यही जल को रिचार्ज करता है। साथ ही जहाँ भी लोग प्रभावित हो, वहाँ उन्हें सहायता करने तथा सचेत रहने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही प्रभावित बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के सुधार के लिए जो कार्य करना था, वह हो पाया कि नहीं। राहत प्रदान करने में कोई वंचित तो नहीं रह गया है, यदि कोई रह गया है, तो उन्हें भी राहत उपलब्ध करा दिया जाए।
दरभंगा एनआईसी से दरभंगा के प्रमंडलीय आयुक्त, मनीष कुमार, मिथिला प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, ललन मोहन प्रसाद, जिलाधिकारी राजीव रौशन, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार, आयुक्त से सचिव देवेन्द्र प्रसाद तिवारी, अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन सत्यम सहाय एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

