Home Featured कुलपति की अध्यक्षता में हुआ स्नातक तृतीय खंड के जीईएस विषय का ऑनलाइन सत्रारंभ।
Featured - मुख्य - May 18, 2022

कुलपति की अध्यक्षता में हुआ स्नातक तृतीय खंड के जीईएस विषय का ऑनलाइन सत्रारंभ।

दरभंगा: स्नातक तृतीय खंड के जीईएस विषय का बुधवार को ऑनलाइन सत्रारंभ समारोह ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 सुरेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. महेश प्रसाद सिन्हा ने सभी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, बिहार का एकमात्र विश्वविद्यालय है, जहां पिछले 24 जनवरी से ऑनलाइन प्लेटफार्म पर लगातार वर्ग संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में जीईएस का ऑनलाइन वर्ग आज से आरंभ किया गया है।’ सामान्य अध्ययन ‘ के साथ पर्यावरण का अध्ययन हमें अपने पर्यावरण और जीवन के प्रति जागरूक और संवेदनशील रहने की सीख देते हैं।

सर्वप्रथम कुलपति ने अपने वक्तव्य में कहा कि कोरोना काल में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से एक अलग पहचान बनाई है। इस माध्यम से छात्रों तक बहुत पाठ्य सामग्री पंहुची है। विश्वविद्यालय स्तर पर अभी और नए तकनीकी प्रयोग किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय द्वारा ऑडियो रिकॉर्डिंग एवम् लर्निंग मैनेजमैंट सिस्टम की भी जल्दी है व्यवस्था की जाएगी। विश्वविद्यालय स्वयं छात्रों तक पहुंच रहा है। ऑनलाइन माध्यम से जो विद्यार्थी जहां है वहीं से शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।

इस क्रम में प्रतिकुलपति प्रो. डॉली सिन्हा ने सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि कोरोना काल में पढ़ाई बाधित हुई, जिसमें ऑनलाइन क्लास राहत प्रदान करने की कोशिश की। उन्होंने ऑनलाइन स्लाइड के माध्यम से इस विषय के बारे में अवगत कराया। फिजिकल मोड के साथ – साथ डिजिटल लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम को बढ़ावा देने पर बल दिया। विवि के कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि कुलपति और प्रति कुलपति के निर्देशन में ऐसे ओपन फोरम के माध्यम से बहुत विशेष रिशोर्स पर्सन से छात्रों को मिलने का और ज्ञान प्राप्त करने का अवसर प्राप्त हुआ है। सीसीडीसी डॉ. महेश प्रसाद सिन्हा ने विश्वविद्यालय में हमेशा गतिमान ढंग से कार्य किया है। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। इस ऑनलाइन प्लेटफार्म पर न केवल ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपितु अन्य विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी जुड़ते हैं और इससे लाभ प्राप्त करते हैं जो काफी प्रशंसनीय है। जीईएस विषय व्यक्तित्व निर्माण में भी बहुत महत्वपूर्ण है। विश्वविद्यालय द्वारा उठाया गया यह कदम और इसके पीछे काम कर रहा पूरा सिस्टम काफी सराहनीय है। प्रो. बी.बी.एल. दास ने कहा कि स्नातक तृतीय खण्ड के लिए जीईएस अनिवार्य विषय है। इसके ऑनलाइन वर्ग संचालन के लिए वि.वि .की पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं।

Advertisement

इस दौरान प्रो गोपी रमण प्रसाद सिंह एवं पूर्व विकास पदाधिकारी केके साहू ने भी विचार व्यक्त किया। विकास पदाधिकारी प्रो. सुरेन्द्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया एवम् संचालन विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ. महेश प्रसाद सिन्हा ने किया। इसके पश्चात जीईएस का प्रथम वर्ग प्रति कुलपति द्वारा सूक्ष्मतापूर्वक संचालित किया गया , जिसमें भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। वहीं इस ऑनलाइन आयोजन में प्रति कुलपति प्रो डॉली सिन्हा, कुलसचिव प्रो मुस्ताक अहमद, सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, विद्वतजनों, प्राचार्यों, विषय-संयोजक, विषय-समन्वयक, पूर्व विकास पदाधिकारी, वर्तमान विकास पदाधिकारी, शिक्षक, तकनीकी सहायक तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राऐं मौजूद थे।

Share