Home Featured पॉलिटेक्निक कॉलेज में कुव्यवस्था से आक्रोशित छात्रों ने शिक्षकों और कर्मचारियों को बनाया बंधक।
Featured - मुख्य - May 18, 2022

पॉलिटेक्निक कॉलेज में कुव्यवस्था से आक्रोशित छात्रों ने शिक्षकों और कर्मचारियों को बनाया बंधक।

दरभंगा: राजकीय पॉलिटेक्निक कादिराबाद में कुव्यवस्था से गुस्साए छात्रों ने बुधवार को शिक्षकों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कैंपस में सुबह 11 बजे से लेकर शाम चार बजे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। शिक्षकों ने मोबाइल से इसकी शिकायत विश्वविद्यालय थाने में की। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाया। इसके बाद विद्यार्थियों ने बंधक बने शिक्षकों और कर्मचारियों को मुक्त किया।

Advertisement

वर्ग में शिक्षकों की उपस्थिति, ससमय लैब संचालन, क्लास रूम में पंखा, छात्रावास तक जाने के लिए सड़क आदि मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके विभागों में ताला जड़कर बंदी बनाए रखा। शिक्षक काफी देर तक ताला खोलने को आग्रह करते रहे, लेकिन विद्यार्थियों ने इनकी एक न मानी। थक हारकर शिक्षकों ने मोबाइल से इसकी शिकायत विश्वविद्यालय थाने में की। इस दौरान पालीटेक्निक के प्राचार्य डा. केके पाठक मौजूद नहीं थे। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा बंधक बनाए जाने की सूचना कई बार प्राचार्य को दी गई, मगर वे नहीं पहुंचे।

छात्रों ने बताया कि संस्थान में इलेक्ट्रिकल, सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रानिक एवं कंप्यूटर साइंस ब्रांच में 65-65 सीटें निर्धारित हैं। इन सभी ब्रांचों में पठन-पाठन के लिए शिक्षकों की घोर कमी बताई जा रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षकों द्वारा ससमय लैब नहीं कराई जाती है। एक तो दो वर्ष से कोरोना संक्रमण के कारण पढ़ाई-लिखाई चौपट हो गई है। अब जब सब कुछ सामान्य है, तो भी लैब नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं छात्रावास तक जाने के लिए बरसात के समय काफी परेशानी उठानी पड़ती है। घुटने भर पानी से होकर छात्रावास से संस्थान और संस्थान से छात्रावास तक आवागमन करना पड़ता है। छात्रावास सहित वर्गों में पंखों की समुचित सुविधा नहीं है, जबकि प्राचार्य व कर्मचारियों के विभागों में एसी लगाया गया है।

Share