
राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में शामिल होने केलिए हरी झंडी दिखाकर कुलपति ने दल को किया रवाना।
दरभंगा: पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर के राजा एलएन खान महिला कॉलेज में आगामी 25 से 31 मई तक में राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।इस शिविर में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की सहभागिता के लिए शुक्रवार को कुलपति व कुलसचिव ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम पदाधिकारी सहित टीम को विदा किया।
इस मौके पर कुलपति डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का एकीकरण शिविर युवाओं में ऊर्जा चेतना का संचार तो करता ही है, साथ ही साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिशादायी मार्ग भी प्रस्तुत करता है। यह शिविर विवि के लिए गौरवदायी आधार स्तंभ सिद्ध होगा। कुलसचिव

प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के एकीकरण शिविर में विवि की सहभागिता निश्चित रूप से विवि के छात्र-छात्राओं के लिए काफी उपयोगी सिद्ध होगा और वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य बोध के प्रति सजग होंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. विनोद बैठा ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में स्वयंसेवकों की सहभागिता विवि के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में दल नायक के रूप में डॉ. राहुल मनहर कार्यक्रम पदाधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना आरके कॉलेज, मधुबनी, स्वयंसेवकों में रश्मि कुमारी एपीएसएम कॉलेज बरौनी, अजय कुमार जीएमआरडी कॉलेज, मोहनपुर, समस्तीपुर, नेहा कुमारी जीएमआरडी कॉलेज, मोहनपुर, समस्तीपुर एवं मोनू कुमार मिश्र रामेश्वरी लता संस्कृत महाविद्यालय, दरभंगा सहभागी हैं।

