
नल जल योजना में 12 लाख रुपए की राशि गबन के मामले पूर्व वार्ड और सचिव गिरफ्तार।
दरभंगा: नल जल योजना में 12 लाख रुपए की निकासी कर एमबी की राशि शून्य रखने के आरोप में सिंहवाड़ा दक्षिणी पंचायत के वार्ड एक की पूर्व महिला वार्ड बनारसी देवी व पूर्व सचिव धीरज कुमार को गिरफ्तार कर पुलिस ने रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जाता है कि नल जल योजना के क्रियान्वयन को लेकर वार्ड के बैंक खाता में 12 लाख 61 हजार रुपए हस्तांतरित किए गए थे।
वार्ड सदस्य व सचिव ने डब्लूआईएमसी के बैंक खाता से 12 लाख की निकासी की थी। जिसकी जांच बीडीओ राजीव रंजन कुमार ने की थी। जांच में कार्य अधूरा पाया गया था तथा मापी पुस्तक में खर्च की गई राशि का ब्यौरा शून्य था। जलमीनार, पाइपलाइन व बोरिंग का कार्य अधूरा पाया गया था। कनेक्शन का कार्य शून्य पाया गया था।

जांच के आलोक में बीडीओ ने वार्ड सदस्य एवं सचिव के विरुद्ध अनियमितता व गबन के आरोप में सिंहवाड़ा थाना में पांच अगस्त 2021 को कांड संख्या 154/21 दर्ज कराया था। केस के अनुसंधानक एसआई शिवकुमार राम ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है

