
निर्दोष युवक को पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाने का भाजपा विधायक ने लगाया आरोप, एसएसपी से की शिकायत।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: सुशासन राज में यह पहलीबार नहीं है जब सत्ताधारी विधायक भी खुद पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाते नजर आये हों। सोमवार को एकबार फिर केवटी के भाजपा विधायक डॉ मुरारी मोहन झा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के एक निर्दोष युवक को पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे में फंसा कर परेशान करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर वे पीड़ित युवक राजीव कुमार साहनी के साथ सोमवार को दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार से मिले और न्याय की मांग की।
इस संबंध में भाजपा विधायक डॉ मुरारी मोहन झा एवं पीड़ित राजीव साहनी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार केवटी थानाक्षेत्र के रनवे निवासी राजीव कुमार साहनी को गत 26 मार्च को पीएचसी से 5-6 पुलिस कर्मी थाना ले गए थे। वहां बिना किसी शिकायत अथवा स्टेशन डायरी एंट्री के पूरे दिन थाना में रखकर तत्कालीन थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव द्वारा बुरी तरह मारा पीटा गया था। युवक की हालत बहुत बुरी हो गयी थी। इसकी सूचना पर भाजपा विधायक रात को पीड़ित के साथ थाना

पर पहुंचे। वहां सर्किल इंस्पेक्टर, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं चिकित्सा प्रभारी भी मौजूद थे। सबने स्टेशन डायरी की मांग की, पर थाना पर स्टेशन डायरी उपलब्ध नही था। युवक की पिटाई मामले में थानाध्यक्ष ने सबके सामने माफी मांगी।
विधायक ने बताया कि पूरा मामला खत्म हो गया। पर इसके बाद अगले दिन थाना की एक महिला एएसआई प्रमिला कुमारी द्वारा वादी बनकर पीड़ित युवक राजीव कुमार साहनी पर झूठा कर दिया गया। यह मुकदमा थानाध्यक्ष ने करवाया। अब इस मुकदमे में पीड़ित को नोटिस आया है। अतः एसएसपी से मिलकर झूठे मुकदमे से युवक को बरी करने की मांग की गयी है।
विधायक डॉ झा ने बताया कि एसएसपी द्वारा खुद से स्तर से पूरे मामले की जांच करके और उचित कारवाई का आश्वासन दिया गया है।

