Home Featured शादी के पंडाल में युवक की हत्या के बाद इलाके में पसरा मातम।
Featured - मुख्य - May 23, 2022

शादी के पंडाल में युवक की हत्या के बाद इलाके में पसरा मातम।

दरभंगा: बिरौल थाना क्षेत्र के निशिहारा गांव में रविवार की देर रात एक शादी समारोह मातम में बदल गया। रात के करीब तीन बजे शादी समारोह में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गयी। पंडाल में भोजन के दौरान की गई इस फायरिंग की घटना से अफरातफरी मच गयी। समारोह में शामिल होने आए लोग भागने लगे। कुछ ही मिनटों में उत्सव में वीरानी छा गई। जैसे-तैसे शादी की रस्म पूरी कर वर-वधू को विदा कर दिया गया।

उधर मृतक की पहचान गौड़ाबौराम प्रखंड के बड़गांव ओपी क्षेत्र के पलवा गांव निवासी स्व. रणधीर प्रसाद सिंह के 32 वर्षीय पुत्र अजीत सिंह उर्फ अवधेश सिंह के रूप में की गयी है। सुबह होते ही गांव में मृतक पलवा गांव के अजित सिंह उर्फ अवधेश सिंह के ग्रामीणों व परिजनों की भीड़ जुट गई। गांव में सनाटा पसर गया।

बताया जाता है कि अवधेश टेंट का काम करता था। वारदात को आपसी विवाद में अंजाम दिये जाने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी व थानाध्यक्ष ब्रह्मदेव सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। इस दौरान पुलिस को वहां दो खोखे मिले। अजीत के परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। इनमें बिरौल की उप प्रमुख निशिहारा निवासी अर्पणा कुमारी के पति

Advertisement

श्रवण कुमार सिंह उर्फ छोटू, उसी गांव के टेंट कारोबारी अरुण सिंह के पुत्र चंदन सिंह और नवटोल गांव के फणिशंकर कुंवर के पुत्र राजेश कुंवर हैं। पुलिस ने परिजनों के आरोप के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि अवधेश और निशिहारा के चंदन सिंह पार्टनरशिप में टेंट का कारोबार करते थे। रविवार को निशिहारा में मनोज सिंह की पुत्री की शादी थी। इसमें अवधेश और चंदन का टेंट लगा हुआ था। रात में खाना खाने के बाद बरात चली गयी। इसके बाद अवधेश खाना खा रहा था। इसी दौरान अवधेश का कुछ लोगों से विवाद हुआ। इसके बाद कनपटी में गोली मारकर अवधेश की हत्या कर दी गयी।

Share