
जलजमाव की समस्या को लेकर एमएसयू ने दिया धरना।
दरभंगा: यूं तो शहर के अधिकांश इलाके जमजमाव से त्रस्त रहते हैं। हर बार बारिश पूर्व नालों के निर्माण एवं उड़ाही पूर्ण कर लेने का दावा निगम प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा किया जाता है। पर दावा हर बार अगले साल का वादा बनकर रह जाता है।
इसी कड़ी में लगातार जलजमाव झेल रहे शहर के लक्ष्मीसागर बैंकर्स कॉलोनी के लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। जलजमाव के खिलाफ मिथिला स्टूडेंट यूनियन के छात्र नेताओं ने साथ स्थानीय लोग के साथ मिलकर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने खासकर जनप्रतिनिधियों को निशाने पर रखा।
मिथिला स्टूडेंट यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह छात्र नेता अमन सक्सेना ने कहा कि बैंकर्स कॉलोनी के लोग पिछले 10 साल से जलजमाव की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है। जिला पार्षद हो, मुखिया हो, विधायक हो, सांसद हो सभी से गुहार लगाने के बाद भी किसी ने इस समस्या पर कुछ नहीं किया। इस वजह से लोग आये दिन दुर्घटना का शिकार होते

रहते हैं। इसे देखते हुए मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने आंदोलन के रास्ते को अपनाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांग पूरी नहीं होगी तो हम लोग आगे उग्र आंदोलन भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज सांकेतिक धरने से आंदोलन की शुरुआत की गयी है। जब तक इस सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, हम लोग आंदोलन जारी रखेंगे। एमएसयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र का पानी यहां के मोहल्ले में जमा हो जाता है। दो पंचायतों का मामला होने के कारण सड़क निर्माण अब तक नहीं हो पा रहा है। या तो इसे नगर निगम में शामिल किया जाये नहीं तो पंचायत स्तर पर इस समस्या का समाधान होना चाहिए। अगर समस्या का समाधान नहीं होगा तो हम लोग आने वाले समय में सदर बीडीओ और सीओ का भी घेराव करेंगे।
धरना को संगठन के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी उदय नारायण झा, नगर अध्यक्ष अर्जुन कुमार दास, अमित कुमार, दिनेश कान्त झा, विकास झा, आशीष कुमार, नित्यानन्द झा, अनीश चौधरी व विकास मैथिल आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर आदित्य कश्यप, केशव कुमार मिश्रा, मार्टिड रत्नम, अमित कुमार, अशोक कुमार झा, प्रमोद कुमार झा, शम्भू दास, कंचन कुमारी, कंचन झा, केशव कुमार मिश्रा, पवन पासवान आदि थे

