Home Featured निर्माणाधीन रेलवे क्वार्टरों के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में भारी कमी देख बिफरे सांसद।
Featured - मुख्य - May 24, 2022

निर्माणाधीन रेलवे क्वार्टरों के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में भारी कमी देख बिफरे सांसद।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: संवेदकों द्वारा सरकारी भवनों के निर्माण में गुणवत्ता की कमी की शिकायतें मिलना बिहार में कोई नयी बात नहीं है। पर यहां केंद्र सरकार की योजनाएं भी शायद उसी रास्ते पर चल पड़ी हैं। निर्माण कार्यो में गुणवत्ता की अनदेखी का मामला अब इसमें भी सामने आने लगा है। सबसे बड़ी बात कि गुणवत्ता में यह कमी खुद केंद्र सरकार के प्रतिनिधि दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर के निरीक्षण में सामने आयी है।

दरअसल, लहेरियासराय स्टेशन के निकट रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों केलिए क्वार्टर के निर्माण में भारी अनियमितता की शिकायत मिलने पर मंगलवार को रेल संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति सदस्य सह दरभंगा के सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उजला रेत से निर्माण कार्य होते देख सांसद बिफर पड़े। सांसद के निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर रेलवे इंजीनियर, संवेदक और सुपरवाइजर

Advertisement

सभी अनुपस्थित पाए गए। इसी दौरान बारिश भी शुरू हो गयी। बारिश शुरू होते ही प्रथम तल्ला का बनकर तैयार छत भी टपकने लगा। इसके अलावा रेत से बने मसाले से ईंट जोड़ने का कार्य भी चल रहा था तथा ईंटो में भी मिलावट देखी गयी।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने दरभंगा के डीडीसी से दूरभाष पर बात कर राज्य सरकार के इंजीनियर को निर्माण स्थल पर भेजने को कहा, जिसके पश्चात भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता उपेंद्र कुमार भी कार्यस्थल पर पहुंचकर सभी चीजों का बारीकी से जांच किए। जांच के पश्चात कार्यपालक अभियंता ने कहा कि किसी भी हालत में उजला रेत से कोई भी निर्माण कार्य नहीं हो सकता है। उन्होंने वहां ईंट जोड़ने के लिए मिलाए गए रेत और सीमेंट तथा कंक्रीट का भी जांच किया। जांच के क्रम में उन्होंने पाया कि सभी निर्माण सुरक्षा मानक से काफी घटिया है।

निरीक्षण के उपरांत सांसद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा लगभग दस करोड़ की लागत से इस क्वार्टर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने ने कहा कि प्रथमदृष्टया यह निर्माण कार्य काफी घटिया दिख रहा है। यहां उजला रेत से ईंट जोड़ने एवं ढलाई का काम किया जा रहा है, जो गलत है। सांसद ने इंजीनियर और संवेदक को सख्त लहजे में हिदायत दिया कि यह नरेंद्र मोदी की सरकार है, यहां भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह

Advertisement

नही है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर वह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारी एवं संवेदक पर सख्त कारवाई की मांग करेंगे।

सांसद ने निर्माण स्थल से ही पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा, चीफ इंजीनियर अखिलेश कुमार, समस्तीपुर के डीआरएम आलोक अग्रवाल सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी से दूरभाष पर बात कर इस घटिया निर्माण को तत्काल रोकने एवं इसकी उच्चस्तरीय जांच करते हुए दोषियों पर कारवाई करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ कृष्ण भगवान झा, प्रेम कुमार मिश्रा, उमेश चौधरी, अभिषेक कर्ण, लालकांत झा, नवीन चौधरी, रामकुमार ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित थे।

Share