
बारिश ने उमस भरी गर्मी से दिलायी राहत, बिजली की आंख मिचौनी रही जारी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: यूं तो मानसून आने में अभी समय है। पर इनदिनों दरभंगा जिले में मानसून पूर्व हो रही छिटपुट बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं तमाम दावों को ध्वस्त करते हुए बिजली विभाग अपनी आदत के अनुसार हल्की बारिश में भी बिजली काटना नही भूलता। शहरी क्षेत्र में बिजली आने में घण्टों लग जाते हैं, तो फिर ग्रामीज क्षेत्रो का हाल सहज समझा जा सकता है।
इसी क्रम में मंगलवार की शाम में हुई छिटपुट बारिश से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली है। हल्की बारिश के बाद तापमान में भी कमी दर्ज की गई। इससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस साल अप्रैल से ही तेज गर्मी पड़ रही है। लेकिन मई में थोड़े-थोड़े दिनों के अंतराल पर हो रही बारिश से लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिल रही है। इसके अलावा पेयजल संकट से भी लोगों को थोड़ी-बहुत राहत मिली है। तेज गर्मी में नीचे जा रहा भूगर्भीय जलस्तर दो-तीन बार हुई बारिश के बाद थम गया

है। शहर के करमगंज निवासी लालबाबू बताते हैं कि दो-तीन बार बारिश होने के बाद अब सुबह आठ बजे तक मोटर पानी खींच रहा है। इससे पहले देर रात दो बजे जगकर मोटर चलाना पड़ता था। गर्म पछिया हवा में झुलस रही सब्जी की फसलों को हल्की बारिश और मौसम की नमी से काफी लाभ पहुंचा है।
वहीं हनुमाननगर के किसान कन्हैया चौधरी ने बताया कि अप्रैल में लगातार तापमान अधिक रहने और पछिया हवा व लू चलने के बाद हर चार-पांच दिन पर पटवन कर सब्जी की फसल को बचानी पड़ रही थी लेकिन बारिश व नम मौसम के कारण पटवन से राहत मिली है। हालांकि वे कहते हैं कि अधिक बारिश होने पर लत्तीदार पौधे कद्दू, नेनुआ, खीरा आदि के जड़ों में बारिश का पानी जमा होने के बाद पौधे के गलने का खतरा रहता है।

