
बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, कई थानों की पुलिस के पहुंचने पर स्थिति हुई नियंत्रित।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार अवस्थित नीम चौक के पास बुधवार की शाम बच्चों के बीच हुए विवाद ने ऐसा तूल पकड़ लिया कि देखते ही देखते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर रोड़ेबाजी और मारपीट होने लगी। इस रोड़ेबाजी और मारपीट में दोनों ओर से चार लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी सदर एसडीपीओ बिरजू पासवान के नेतृत्व में लहेरियासराय थाना के साथ सदर एवं नगर थाना सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहीं प्रशिक्षु आएपीएस सह बहादुरपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष विक्रम सिहाग भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया जा सका।
बताया जाता है कि इसमें एक पक्ष के नसीम अख्तर व उनका पुत्र फाहियान एवं दूसरे पक्ष से रॉकी कुमार एवं उनकी बच्ची घायल हो गए। चारों घायलों का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।

घटना के बाद उक्त स्थल पर स्थानीय अमनपसंद लोग और शांति समिति के सदस्य रुस्तम कुरैशी, डब्बू खां, नफीस उल हक रिंकू, नवीन कुमार सिन्हा, मुन्ना खां सहित कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही प्रशिक्षु आईपीएस विक्रम सिहाग लहेरियासराय थानाध्यक्ष मदन प्रसाद, एसआई सुदर्शन सिंह, सदर सीओ सहित दंगा नियंत्रण बल पहुंचा। स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन दोनों ओर से तनाव व्यापत है। प्रशिक्षु आईपीएस ने बताया कि मामले को शांत करवा दिया गया है। दोनों पक्षो के साथ वार्ता भी की जा रही है। अगर दोनों पक्ष आवेदन देते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पूरी तरह शांत होने पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी।

