
दिवसीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेले का श्रम संसाधन मंत्री ने किया उद्घाटन।
दरभंगा: अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा की ओर से बुधवार को सरकारी आईटीआई कैम्पस, रामनगर में दो दिवसीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार ने किया। इस मौके पर श्रम संसाधन मंत्री ने कहा कि आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कन्वर्ट किया जाएगा। साथ ही दरभंगा में टूल्स रूम बनवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग और श्रम संसाधन विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं, इसलिए उद्योग एवं श्रम संसाधन विभाग को एक साथ मिलकर काम करना है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले में आईटी पार्क बनकर तैयार हो जाएगा। मेले में 24 नियोजनकर्ताओं ने भाग लिया। मेले में पहले दिन पांच हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 2,425 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया। इनमें से 667 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

प्रमंडल स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेले में सभी प्रकार के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार व प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें स्थानीय नियोजकों के साथ जिले व राज्य के बाहर के नियोजकों को भी आमंत्रित किया गया है। नियोजन मेले में प्रवेश नि:शुल्क है।
इस अवसर पर सांसद गोपाल जी ठाकुर, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, हायाघाट विधायक डॉ. रामचन्द्र प्रसाद व विधान पार्षद डॉ. अर्जुन सहनी उपस्थित थे।

