Home Featured अहले सुबह फूल तोड़ने निकली महिला की बिजली के तार के चपेट में आने से हुई मौत।
Featured - मुख्य - May 27, 2022

अहले सुबह फूल तोड़ने निकली महिला की बिजली के तार के चपेट में आने से हुई मौत।

दरभंगा: बिल वसूली के नाम पर बकाएदार उपभोक्ता को रडार पर लेकर अभियान चलाने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों को उनके कारनामे पर भला उन्हें कौन रडार पर ले! आए दिन विभागीय लापरवाही और उदासीनता लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। अक्सर ऐसी घटनाएं हो रही है जिसमें तार टूटकर गिरने या एलटी लाइन में हाईवोल्टेज करंट उतरने से लोगों की मौत हो जाती है। ऐसा ही एक मामला शुक्रवार को अहले सुबह सामने आया, जब एपीएम थाना क्षेत्र के बीरनपट्टी गांव में फूल तोड़ने गई 70 वर्षीय महिला की बिजली के करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जब तक स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचते तबतक महिला की मौत हो चुकी थी। मृतक महिला की पहचान चंदनपट्टी पंचायत के बीरनपट्टी गांव निवासी मदन पासवान के 70 वर्षीय पत्नी राम काशी देवी के रूप में हुई है।

घटना के बाद स्थानीय चौकीदार राजीव पासवान के द्वारा सूचना देने पर एपीएम थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने पुलिस की टीम को मौके पर भेज दिया। मौके पर पहुंचे एएसआई अवधेश राम के नेतृत्व में एपीएम थाना की पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के साथ के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

Advertisement

घटना के सम्बंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि वृद्ध महिला सुबह करीब पांच बजे फूल तोड़ने 17 नम्बर रेलवे गुमटी के निकट गई थी, जहां मुख्य सड़क के किनारे कई दिनों से एक बिजली की ताड़ नीचे लटका हुआ था। इसी तार के संपर्क में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

Share