
विद्यालय में व्याप्त कुव्यवस्थाओं को दूर कर शौचालय, बॉउंड्री एवं कमरे के निर्माण केलिए डीएम को दिया आवेदन।
दरभंगा: हाल ही में विद्यालयों के निरीक्षण में गड़बड़ियों पर जिलाधिकारी द्वारा सख्त एक्शन लिए जाने का असर जिले में देखा जा रहा है। अपने क्षेत्र के विद्यालयों की कुव्यवस्थाओं की शिकायत लेकर लोग जिलाधिकारी से मिलने पहुंचने लगे हैं। उनमें अब एक्शन की उम्मीद जगी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को युवा राजद के जिला सचिव प्रकाश कुमार अपने गृह क्षेत्र बहेड़ी प्रखंड के उज्जैना प्लस टू उच्च विद्यालय की कुव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी से मिले और उन्हें आवेदन सौंपा। प्रकाश ने करीब एक सप्ताह पूर्व डीडीसी को इस आशय के संबंध में आवेदन दिया था। पर हाल में जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय के निरीक्षण और ठोस एक्शन को देखकर उन्होंने अपने क्षेत्र के विद्यालय की समस्याओं से सीधे डीएम को ही अवगत करवाने का निर्णय लिया।
जिलाधिकारी को दिए आवेदन के सम्बंध में उन्होंने बताया कि प्लस टू सहदेव यादव उच्च विद्यालय भच्छी उज्जैना में भवन, शौचालय एवं बाउण्ड्री का अभाव है, जबकि इस विद्यालय में लगभग 1500 छात्र – छात्राएं नामांकित है। इन नामांकित छात्रों में लगभग 700 छात्रा नामांकित है। पूर्व से निर्मित शौचालय इतना जर्जर है कि छात्र – छात्राओं को शौच के लिए जगह तलाशना पड़ता है खास कर छात्राओं को काफी परेशानी झेलनी

पड़ती है। इतना ही नहीं विद्यालय में छात्रों के अनुापात में कमरों की संख्या बहुत कम है। इसके कारण जिन छात्रों को आज पढ़ाया जाता है, उन्हें दूसरे दिन छुट्टी कर दिया जाता है। विद्यालय परिसर में मात्र दो चापाकल है, जो खराब ही रहता है।
प्रकाश कुमार ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य भी विभाग को बार – बार आवेदन देते रहे हैं, लेकिन अबतक कोई ठोस कदम विभाग द्वारा नहीं उठाया गया है, जिससे छात्रों व ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस विद्यालय में चुनाव हेतु बूथ भी बनाया जाता रहा है और उस समय चुनाव कर्मी को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को लेकर प्रकाश ने जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें अपने स्तर से जाँच कर आवश्यक एवं त्वरित कारवाई का अनुरोध किया है।

