
नगर निकाय चुनाव की तैयारियों का बजा बिगुल, वार्डवार निर्वाचक का प्रारूप प्रकाशन केलिए तैयार।
दरभंगा: उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्पकर कुमार ने शुक्रवार को आम सूचना निर्गत करते हुए कहा है कि नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 अन्तर्गत जिले के छह नगर निकायों नगर निगम, दरभंगा के 48 वार्ड, नप बेनीपुर के 29 वार्ड, नपं हायाघाट के 17 वार्ड, नपं बहेड़ी के 15 वार्ड, नपं भरवाड़ा के 10 वार्ड तथा नपं कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 13 वार्ड में आम निर्वाचन होना है।
उन्होंने कहा कि नगरपालिका निर्वाचन के लिए वार्डवार निर्वाचक सूची का विखंडन कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 28 मई को वार्डवार निर्वाचक का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचक सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रारूप प्रकाशन के बाद 28 मई से 10 जून तक दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी। चार से 16 जून के बीच प्राप्त दावा-आपत्ति का निष्पादन कर लिया जाएगा तथा 23 जून को अन्तिम रूप से निर्वाचक सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति प्राप्त करने के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं रिवाईजिंग अथॉरिटी का गठन किया गया है। नगर निगम, नपं हायाघाट, बहेड़ी व भरवाड़ा के लिए सदर एसडीओ स्पर्श गुप्ता को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं नप बेनीपुर के लिए एसडीओ शम्भू नाथ झा को तथा नपं कुशेश्वरस्थान पूर्वी के लिए बिरौल एसडीओ संजीव कुमार कापर को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही नगर निगम, दरभंगा के वार्ड नम्बर एक से 40 एवं वार्ड 42 के लिए सदर बीडीओ विजय कुमार सौरव को प्राधिकृत पदाधिकारी बनाया गया है।

वार्ड 41 व 43 से 48 के लिए बहादुरपुर बीडीओ अलख निरंजन को, नपं हायाघाट के वार्ड एक से 17 तक के लिए बीडीओ रागिनी साहू को, बहेड़ी के वार्ड एक से 15 तक के लिए बीडीओ गंगा सागर सिंह को, भरवाड़ा के वार्ड एक से 10 तक के लिए बीडीओ राजीव रंजन कुमार को, नप बेनीपुर के वार्ड एक से 15 तक के लिए बीडीओ अमोल मिश्र को तथा वार्ड 16 से 29 तक के लिए सीओ भुवनेश्वर झा को, कुशेश्वरस्थान पूर्वी के वार्ड एक से पांच तक के लिए अबु परवेज हैदर हैदरी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बिरौल को तथा वार्ड छह से 13 तक के लिए बीडीओ किशोर कुमार को प्राधिकृत अथॉरिटी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की उम्र एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है तथा उस वार्ड विशेष में रहते हैं, पर उनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं है तथा मतदाता बनने की योग्यता रखते हैं, तो मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने के लिए प्रपत्र दो में जन्म तिथि तथा आवास प्रमाणपत्र के साथ 28 मई से 10 जून के बीच आवेदन देना होगा। जांचोपरान्त आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार नाम संशोधन के लिए प्रपत्र – 2ए तथा विलोपन के लिए प्रपत्र तीन में आवश्यक कागजात के साथ आवेदन दिया जा सकता है।

