Home Featured पति द्वारा निर्मम पिटाई से पत्नी की मौत।
Featured - मुख्य - May 28, 2022

पति द्वारा निर्मम पिटाई से पत्नी की मौत।

दरभंगा: एकतरफ जहां अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ मामूली बातों में लोगों का आक्रोश सीमा पार कर जाता है और किसी भी घटना को अंजाम देने के समय शायद कानून का डर नहीं रहता है। ऐसा ही एक और मामला शनिवार को सामने आया जब एक सनकी पति ने पीटते पीटते अपनी पत्नी को मार ही डाला।

दरअसल, जिले के मब्बी ओपी क्षेत्र के करहटिया गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाने के कल्याणी निवासी जवाहर पासवान की 35 वर्षीय पुत्री केवला देवी के रूप में की गयी है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के चनुआ

Advertisement

सेंथलपट्टी गांव निवासी पप्पू उर्फ ओम कुमार वर्मा के पुत्र भागवत शरण उर्फ श्याम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर मृतका के परिजन को सौंप दिया।

बताया जाता है कि श्याम अपनी पत्नी के साथ करहटिया गांव में मुस्तफा ईंट-भट्ठा के पास नवीन झा के करकट के घर में किराए पर रहकर मजदूरी करता था। शादी के बाद से ही श्याम अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। शुक्रवार की रात उसने बड़ी बेरहमी से लाठी-डंडे से अपनी पत्नी को पीटते-पीटते मार दिया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर ओपी प्रभारी राजकुमार सिंह दल-बल के साथ पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मौके से ही आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना को लेकर मृतका की बहन केवटी थाने के कोयलास्थान हरपुर गांव निवासी रमेश पासवान की पत्नी सरिता देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। ओपी प्रभारी राजकुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

Share