
अब दरभंगा एयरपोर्ट से सुबह 9 बजे से शाम 4.45 तक होगा विमानों का आवागमन।
दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से विमानों की लैंडिंग शुरू हो गयी है। यह जानकारी शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सह सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दी है।
उन्होंने कहा कि पहले यह समय 10.45 बजे निर्धारित था। अब इस एयरपोर्ट से सुबह नौ से शाम 4.45 तक विमानों का आवागमन हो सकेगा। समयावधि में विस्तार होने से अब ज्यादा विमानों का परिचालन संभव हो सकेगा। इससे जयपुर, अहमदाबाद, गुवाहटी सहित अन्य प्रमुख स्थानों के लिए हवाई सेवा शुरू की जा सकेगी।

सांसद ने कहा कि 2.4 एकड़ में लगभग 36 करोड़ की लागत से बनने वाले नए टर्मिनल बिल्डिंग की भी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सांसद ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री प्रतीक्षालय अब पूर्णत: वातानुकूलित बनेगा। इसकी स्वीकृति दी जा चुकी है। अगले दो महीने में यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। कार्गो सेवा में टाइमिंग अप्रूवल लेकर कुछ शिकायत थी। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी जल्द ही इससे संबंधित अप्रूवल दे देगा।

