
इमरजेंसी परिसर से बाइक उड़ाते चोर धराया, लोगों ने जमकर की धुनाई।
दरभंगा: डीएमसीएच के इमरजेंसी परिसर से बाइक चुराने में एक चोर को लोगों ने रंगेहाथों धर-दबोचा, वहीं दूसरा फरार हो गया। मौके पर पकड़े गए चोर की लोगों ने जबरदस्त धुनाई की। दर्जनों लोगों की मौजूदगी में दिन-दहाड़े मोटरसाइकिल चोरी के इस प्रयास से लोग आश्चर्यचकित भी हो रहे थे। मरीजों को दिखाने आये परिजनों ने तबतक चोर युवक को पीटा जबतक पुलिस नहीं आ गई।
मौके पर पहुंचे बेंता ओपी के कैदी वार्ड से पहुँचे पुलिसकर्मियों ने भीड़ के शिकड़े से चोर को अपनी गिरफ्त में लिया। कैदी वार्ड आकर जब उससे पूछताछ की गई तो चोर की पहचान सोनकी ओपी के मैकना निवासी रामपुकार यादव के पुत्र राजकुमार राज के रूप हुई। उसने बताया कि डीएमसीएच के इमरजेंसी से बाइक

चुराने के लिए बहादुरपुर प्रखंड के वाजितपुर निवासी स्व0 रामू महतो के पुत्र मोनू महतो के साथ आया था। दोनों ने पहले रेकी की। फिर टीवीएस रैंडम बाइक पर इनकी नजर गई। मोनू महतो ने राजकुमार को बाहर ही रहने को कहा और स्वयं इमरजेंसी के भीतर तक गया। फिर 10 मिनट बाद आया और राजकुमार को मास्टर चाभी देते हुए चिह्नित मोटरसाइकिल को स्टार्ट कर लाने को कहते हुए स्वयं आगे जाकर खड़ा हो गया।
रंगेहाथों पकड़ाए राजकुमार ने मास्टर चाभी लगाकर ज्यों ही गाड़ी स्टार्ट की, गाड़ी मालिक लहेरियासराय के युसुफगंज निवासी उमेश यादव के पुत्र आदित्य कुमार की नजर पड़ गई। चोर ने ज्योंहि बाइक को आगे बढ़ाया कि आदित्य चोर-चोर चिल्लाते दौड़ा और मौजूद लोगों ने मोटरसाइकिल समेत चोर राजकुमार को धर-दबोचा। फिर लपड़-थप्पड़ का दौर चला। वहीं दूसरी

तरफ़ मौके का फायदा उठाकर दूर खड़ा दूसरा चोर मोनू महतो फरार हो गया। इमरजेंसी स्थित कैदी वार्ड के एसआई उमेश उरांव ने बताया कि पकड़े गए चोर से मास्टर चाभी बरामद की गई है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कारवाई की जा रही हैं।
ज्ञात हो कि डीएमसीएच परिसर से इससे पूर्व भी कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएँ हो चुकी हैं।चाहरदिवारी विहीन इस परिसर से बाइक को उड़ाने में चोरों को आसानी होती हैं।

