
अखंड सौभाग्य केलिए महिलाओं ने की वट सावित्री की पूजा।
दरभंगा: सोमवार को वट सावित्री पूजा के अवसर पर विवाहित महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा अर्चना की। साथ ही अखंड सौभाग्य, सुखी वैवाहिक जीवन एवं अपनी पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की। दरभंगा शहर में भी सोमवार को जगह जगह वट सावित्री की पूजा करते महिलाओं का समूह देखा गया। इसके अलावा कई महिलाओं ने अपने घर मे भी वटसावित्री व्रत को पूरा किया। घर मे ही गमले में लगे वट वृक्ष की पूजा अर्चना पूरे विधि विधान से की। साथ ही अपने पति का आशीर्वाद लिया और उन्हें विधान के अनुसार बांस के बने पंखे से हवा दी।

दरभंगा में वट सावित्री पूजा को लेकर महिलाओं मे खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही विवाहिता महिलाएं पूजा-अर्चना मे जुटी नजर आई। ऐसी मान्यता है कि जेष्ठ अमावस्या के दिन वट वृक्ष की परिक्रमा करने पर ब्रह्मा विष्णु महेश सुहागन महिलाओं को सदा सौभाग्यवती रहने का वरदान देते हैं। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु की कामना लेकर वट सावित्री की पूजा करती हैं। कई स्थानों पर वट वृक्ष के नीचे सुहागन महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। अपने सुहाग की कुशलता की कामना के साथ सुहागिनों ने परंपरागत तरीके से वट वृक्ष की पूजा कर व्रत किया। वट सावित्री पूजा को लेकर कई तरह की पूजा सामग्री वटवृक्ष के समक्ष रख कर बट वृक्ष में धागे लपेटते हुए अपने अपने पति की लंबी उम्र की कामना की।

