
विश्व साइकिल दिवस पर नेहरू युवा केन्द्र द्वारा साइकिल रैली का आयोजन।
दरभंगा: विश्व साइकिल दिवस पर नेहरू युवा केन्द्र के तत्वावधान में शुक्रवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ट्रैफिक डीएसपी बिरजू पासवान, नमामि गंगे परियोजना अधिकारी फारुक इमाम, नेहरू युवा केंद्र के लेखापाल सह कार्यक्रम सहायक सोहेल जफर एवं शिक्षक अनुराग कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम विधी महाविद्यालय से प्रारंभ होकर यह रैली डेनवी रोड, आयकर चैराहा होते हुए विश्वविद्यालय स्थित मनोकामना मंदिर के प्रांगण में संपन्न हुई।

इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए ट्रैफिक एसपी बिरजू पासवान ने बताया कि वर्तमान के भागदौड़ भरी जिंदगी में कहीं ना कहीं हर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं हो पा रहा है। इसके दृष्टिगत आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर लोगों को साइकिल का उपयोग कर स्वयं को स्वस्थ रखने एवं पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का संदेश दिया जाता है।

वहीं शिक्षक अनुराग कुमार ने कहा कि हर साल 3 जून को दुनियाभर में विश्व साइकिल दिवस मनाया जाता है। विश्व साइकिल दिवस मनाने के पीछे कई उद्देश्य और फायदे हैं। साइकिल हमारे पर्यावरण के लिए फायदेमंद हैं, तो वहीं साइकिल चलाना सेहत के लिए भी लाभकारी है। ऐसे में साइकिल का हमारे जीवन में अहम स्थान है। अगर एक वाहन के तौर पर देखें तो भारतीय परिपेक्ष्य में कई लोग स्कूल एवं कॉलेज से लेकर कार्यस्थल तक जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करते हैं। यह पर्यावरण के लिए बहुत अच्छा साधन है। डीजल-पेट्रोल का दोहन कम होने के साथ ही शहर का प्रदूषण स्तर भी कम होता है।
इस रैली में दीपक कुमार झा, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक मुकेश कुमार झा, मणिकांत ठाकुर, सुधानंदन झा, हरेंद्र कुमार, विशाल कुमार चौधरी, कुणाल कुमार गुप्ता, रोहन कुमार, संजीव कुमार, पुजा कुमारी, सृष्टि कुमारी, सहित कई युवक एवं युवतियों ने भाग लिया।

