
हरि सहनी को मिला विधानसभा चुनाव में दिए गए बलिदान का फल, बनाये गए एमएलसी उम्मीदवार।
दरभंगा: बिहार विधान परिषद की सात सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी दो उम्मीदवार उतारने जा रही है। बुधवार की दोपहर भाजपा ने अपने दोनों प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया। इनमें से एक नेता दरभंगा के जबकि, दूसरे जहानाबाद के रहने वाले हैं। हरि सहनी और अनिल शर्मा दोनों ही भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं।
हरि सहनी तीन दशक के दौरान संगठन में कई पदों पर काम कर चुके हैं। वे दरंभगा के जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके है। संगठन में दो बार दरभंगा के जिले के जिलाध्यक्ष और 2015 के चुनाव में भाजपा के टिकट पर बहादुरपुर से चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा 2020 के विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने के बाद भी पार्टी के कहने पर अपना टिकट वापस कर दिया था। उनके इस बलिदान की चर्चा हर ओट थी और एमएलसी बनाये जाने की उम्मीद लोग बनाये हुए थे।
ज्ञात हो कि वर्तमान में दरभंगा से भाजपा के एमएलसी अर्जुन सहनी का कार्यकाल पूरा हो रहा है। उन्हें दुबारा मौका नहीं देकर उनकी जगह हरि सहनी को उम्मीदवार बनाया गया है।

बताते चलें कि विधान परिषद में कुल 75 सदस्य होते हैं। इनमें 27 का चुनाव विधायकों के जरिए होता है। इन्हीं 27 में से 7 सीटें 21 जुलाई को खाली हो रही हैं। विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भी छह-छह यानी कुल 12 सदस्य चुनेे जाते हैं। स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के मत से 24 सदस्य चुने जाते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्टता रखने वाले 12 सदस्यों को राज्यपाल मनोनीत करते हैं।
विधानसभा कोटे की इन सातों सीटों पर नामांकन की अंतिम तिथि नौ जून है। ऐसे प्रत्याशियों के पास पर्चा भरने के लिए महज दो दिन शेष है। नामांकन पत्रों की जांच 10 जून को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 13 जून है। अगर जरूरत पड़ी तो सातों सीटों के लिए मतदान 20 जून को सुबह नौ बजे से चार बजे तक होगा । मतों की गणना 20 जून को ही शाम पांच बजे से होगी।

