
सोनिया और राहुल को ईडी द्वारा समन भेजने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
दरभंगा: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कथित धनशोधन जांच को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश होने के लिए समन भेजने के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लहेरियासराय टावर पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका गया।
मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर गलत आरोप लगा कर ईडी द्वारा लगातार तंग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को गुमराह करने के लिए यह कायरतापूर्ण साजिश रची गई है।
प्रदेश प्रतिनिधि पंडित रामनारायण झा ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सभी मोर्चों पर फेल हो चुकी मोदी सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए यह सब कर रही है। देश के लोगों को गुमराह करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व के खिलाफ एक घिनौना व कायरतापूर्ण षड्यंत्र रचा गया है।

जिला प्रवक्ता मो0 असलम ने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व निर्भीक , निडर व अडिग है। कांग्रेस पार्टी ऐसे हथकंडों से डरनेवाली नहीं है।
प्रदर्शन सभा को पर्यवेक्षक मिथिलेश तिवारी, पूर्व मेयर अजय कुमार जालान, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रो0 विनय कुमार झा, रामपुकार चौधरी, रेयाज कली खां, अरूण कुमार झा, डॉ0 कमरुल हसन, अरविंद चौधरी, गणेश चौधरी, मिथिलेश चौधरी, मनोज झा, रतिकांत झा, राहुल झा, सुशील कुमार सिंह, भूषण आजाद, राजा अंसारी, मो . चांद, नाजिया हसन, सुधीर कुमार पांडेय, पिंकू गिरी, उदितनारायण चौधरी, नारायण जी झा, परमानंद झा, जयशंकर प्रसाद चौधरी, शिव कुमार ठाकुर, जमाल हसन, दिनेश गंगनानी, हसमत अली, विवेकानंद झा, विंध्याचल तिवारी, सुरेश सहनी, दयानंद पासवान, मिथिलेश पासवान, धनंजय सिंह, वसंत कुमार झा, सरफराज अनवर, मो0 अकबर, विशाल कुमार, ओजेर अनवर आदि ने भी संबोधित किया ।

