
दिनदहाड़े डीएम आवास के सामने हुई छिनतई की घटना, पुलिस केलिए बना नाक का सवाल।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: दरभंगा में अपराधियों का हौसला इतना बढ़ गया है कि अब वे दिनदहाड़े पुलिस एवं जिला प्रशासन के नाक के नीचे घटनाओं को अंजाम देने लगे हैं। शायद नाक के नीचे घटना को अंजाम दिए जाने के वाबजूद पुलिस घटना को नाक का सवाल नही बनाएगी, शायद इसका उन्हें पूर्ण विश्वास हो चुका है। तभी तो जिला से लेकर प्रमंडल तक के अधिकारियों के कार्यालय के निकट तथा जिला दण्डाधिकारी सह जिलाधिकारी के आवास के सामने दिनदहाड़े चाकू के बल पर एक युवक से मोबाइल की लूट की घटना को अंजाम देकर अपराधी आराम चलते बने।
इस संबंध में पीड़ित कुशेश्वरस्थान के मूल निवासी दीपक चौपक ने बताया कि वह भूमि सुधार कार्यालय में डाटा एंट्री का कार्य करते हैं। लहेरियासराय स्थित अपने आवास से वह खाना खाकर करीब 3 बजे निकले। डीएम आवास के निकट पहुंचने पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। उन्हें चाकू दिखाते हुए मोबाइल निकालने को कहा। युवक ने दीपक पर अपनी गर्लफ्रेंड को मैसेज भेजने का आरोप लगाते हुए मोबाइल दिखाने को कहा। उनसे डरकर दीपक ने उन्हें अपना मोबाइल चेक करने को दिया। इतने में वे दोनों मोबाइल लेकर भाग गए।

दीपक ने लहेरियासराय थाना पहुंचकर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना से गश्ती टीम दीपक के साथ निकली और स्थल का मुआयना किया। साथ ही अगल बगल के सीसीटीवी को खंगालने का कार्य शुरू किया।
इस घटना ने कहीं न कहीं एक बड़ा सवाल आमलोगों के मन मे खड़ा कर दिया है कि जब सुरक्षित माने जाने वाले इस प्रशासनिक इलाके में भी लोग सुरक्षित नहीं है तो भला किसी अन्य जगह कैसे सुरक्षित होंगे। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस घटना को नाक का सवाल बनाकर अपराधियों को शीघ्र पकड़ कर अपनी नाक कटने से बचा पाती है या नही!

