Home Featured फर्जी पुलिस बन अवैध वसूली करने वाला धराया।
Featured - मुख्य - July 21, 2022

फर्जी पुलिस बन अवैध वसूली करने वाला धराया।

दरभंगा: अक्सर पुलिस पर अवैध उगाही का आरोप लगता रहता है और वसूली के पैसे बंटवारे को लेकर आपस में लत्तम जुत्तम तक की खबरे भी वायरल होती है, पर कोई कारवाई नहीं होती। परन्तु यदि कोई फर्जी पुलिस बनकर अवैध वसूली करे तो इसे भला असली वाला कैसे बर्दाश्त कर सकता है! तुरंत ऐसे तत्वों पर कारवाई की उम्मीद रहती है।

ऐसा ही एक मामला दरभंगा शहर के कोतवाली ओपी क्षेत्र का सामने आया है। पुलिस के आईटी सेल का फर्जी आईकार्ड दिखाकर अवैध वसूली करने वाले एक व्यक्ति को कोतवाली ओपी की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Advertisement

इस संबंध में कोतवाली ओपी अध्यक्ष अमरनाथ प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान मिश्रटोला नाग मन्दिर के निकट रहने वाले सूर्यदेव राय उर्फ पुत्ती के रूप में हुई है। वह दोनार चौक के निकट ठेला वाले और रेड़ी वाले आदि से पुलिस का धौंस दिखाकर रुपये ऐंठता था। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी जानकारी कोतवाली ओपी को दी गयी। इसके बाद जाल बिछाकर उक्त व्यक्ति को दोनार चौक के निकट से गिरफ्तार कर लिया गया।

ओपी अध्यक्ष ने बताया कि पहले उसने बयान बदल बदल कर पुलिस को उलझाने का प्रयास किया। पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह शहर में लोगो को अलग अलग तरीके से ठगने का कार्य करता रहता है।

Share