
शादी की नियत से नाबालिग लड़की का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज।
दरभंगा: मोरो थाना क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग लड़की का अपहरण शादी की नीयत से सावन महीने की पहली सोमवारी यानि गत 18 जुलाई को कर लिया गया। अपहृत लड़की की मां ने 27 जुलाई को थाना में आवेदन देकर उक्त थाना क्षेत्र के ही तीसीडीह गांव के दो नाबालिग लड़के और जगन्नाथ सहनी को आरोपित किया है। पिछले सप्ताह सोमवारी के दिन नटुआही पोखर स्थित महादेव मंदिर जाने के क्रम में उपरोक्त लोगों ने लड़की का अपहरण कर लिया। आवेदन में उक्त लड़की को अपहरणकर्ताओं द्वारा उत्तराखंड राज्य के देहरादून जिला में कामली रोड थाना अंतर्गत छबिल बोंग गांव में रखे जाने का जिक्र है, जहां आरोपी लड़का अपने माता-पिता के साथ रहता है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लगता है। आरोपी और उसके परिजनों के ठिकानों का पता लगा लिया गया है। उसके माता-पिता पर अपहृत लड़की के सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की ओर से दबाव बनाया जा रहा है और जल्द ही लड़की को बरामद कर लिया जाएगा।

