Home Featured दरभंगा में जारी है पुलिस की गिरफ्त से कैदियों का भागना, फिर दिनदहाड़े भागा एक कैदी।
Featured - मुख्य - September 2, 2022

दरभंगा में जारी है पुलिस की गिरफ्त से कैदियों का भागना, फिर दिनदहाड़े भागा एक कैदी।

दरभंगा: एक तरफ दरभंगा में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की गिरफ्त में आये कैदी भी उनके हाथ से निकल जा रहे हैं। पूरा माहौल देखकर लग रहा है जैसे पुलिसिंग नाम की रह गयी है दरभंगा में। वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार अपने नाम के अनुरूप अवकाश में ही मालूम पड़ते हैं, क्योंकि अधिकतर जनता दरबार या प्रेस कॉन्फ्रेंस आदि से भी वे खुद नदारद ही रहते हैं। शायद इसी कारण पुलिस भी सुस्त रहती है और अपराधी चुस्त रहते हैं।

ताजा मामले में शुक्रवार को पुनः एक कैदी के पुलिस की गिरफ्त से भागने का मामला सामने आया है। हालांकि इस मामले पर कोई भी अधिकारी फिलहाल कुछ बोलने को तैयार नही दिख रहे हैं।

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार लहेरियासराय थाना की पुलिस ने एक पुराने मामले में पुरानी मुंसफी निवासी चांद मास्टर के पुत्र रिक्की को गिरफ्तार किया। उसका मेडिकल कराने हेतु उसे बहादुरपुर पीएचसी ले जाया गया। लौटते समय लहेरियासराय थानाक्षेत्र के चट्टी चौक के निकट वह पुलिस की जीप से कूद कर भाग गया। जबतक पुलिसकर्मी उसका पीछा करते, वह नजरों से ओझल हो चुका था।

वहीं बताया जाता है कि उक्त स्थल पर सीसीटीवी लगा हुआ है। पर उक्त समय का सीसीटीवी फुटेज भी रिकॉर्ड से गायब हो गया है।

बताते चलें कि पिछले कुछ महीनों में लहेरियासराय थाना क्षेत्र में लगातार कई चोरियां भी हुई। यहां तक कि थाना के ठीक सामने घड़ी की दुकान में चोरी हुई। पर पुलिस एक भी उदभेदन नही कर सकी। ऊपर से इतनी घटनाओं के बाद थाना का निरीक्षण करने पहुंचे वरीय अधिकारी ने लहेरियासराय थाना की कार्यशैली को संतोषजनक बताया। इससे स्पष्ट समझा जा सकता है कि लहेरियासराय थानाध्यक्ष को जब वरीय अधिकारियों का ही संरक्षण प्राप्त है तो कोई भी घटना उनके सेहत पर कोई असर नही डाल सकती।

Share