
सड़क के नामकरण केलिए मंत्री ने की अनुशंसा।
दरभंगा: शहर के बंगालीटोला मोड़ से बिजली ऑफिस तक के सड़क का नामकरण पद्मश्री डॉ मोहन मिश्रा के नाम पर जल्द होने की संभावना बढ़ गयी है। इसको लेकर गुरुवार को जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री संजय झा ने डिप्टी सीएम सह नगर विकास मंत्री को अपनी अनुशंसा भेजी है। इसकी अनुशंसा दरभंगा के जिलाधिकारी द्वारा गत 24 जून को ही नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को भेजी जा चुकी है।

अपने पत्रांक संख्या 149/आ० के माध्यम से भेजे गए पत्र में मंत्री संजय झा ने बताया है कि कालाजार जैसे असाध्य रोग केलिए फंगीजोन की खोज करके लाखों गरीबों की जान बचाने केलिए डॉ मोहन मिश्रा को पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा पेयजल से आर्सेनिक नामक जहरीले पदार्थ को हटाने केलिए उनके किये गए शोध का लाभ बड़ी आबादी को मिला। साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में किये गए अनेक विशिष्ट कार्यो के अतिरिक्त उनके द्वारा इतिहास की चार किताबें भी लिखी गयी हैं, जिनमें से एक किताब को भारत सरकार द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
इन तथ्यों के आधार पर और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए सड़क के नामकरण कराए जाने की अनुशंसा मंत्री संजय झा द्वारा की गयी है।

