Home Featured आगामी मार्च तक कुशेश्वरस्थान में बाढ़ की समस्या हो जाएगी कम: मंत्री।
Featured - मुख्य - September 24, 2022

आगामी मार्च तक कुशेश्वरस्थान में बाढ़ की समस्या हो जाएगी कम: मंत्री।

दरभंगा: आगामी मार्च तक कुशेश्वरस्थान में बाढ़ की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। इसके लिए जल संसाधन विभाग तेजी से काम कर रहा है। यह काम मार्च 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा। ये बातें बिहार सरकार के जल संसाधन एवं सूचना व जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा कही। वे शनिवार को ग्यासपुर में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव शंकर कुमार झा की अध्यक्षता एवं संचालन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री झा ने कहा कि 2021 के विधानसभा उपचुनाव में मुझे यहां 26 दिन रहने का मौका मिला। इस दौरान हम यहां की भौगोलिक स्थिति एवं समस्याओं से अवगत हुए। यहां बाढ़ की स्थिति का बारीकी से अध्ययन कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कुशेश्वरस्थान में कोसी, कमला बलान एवं करेह नदी का पानी नहीं आये इसके लिए सबसे पहले कमला बलान एवं करेह नदी के अधूरे तटबंध को फुहिया में मिलाने का काम शुरू किया गया। यह काम अंतिम चरण में है। वहीं दरभंगा से छोटी-छोटी नदियों से आने वाले पानी एवं वर्षा के पानी की निकासी के लिए सुघराईन मुसहरी भरैन में 12 फाटक के स्लूईस गेट का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इन दोनों योजनाओं के पूरा हो जाने से कुशेश्वरस्थान दोनों प्रखंडों में काफी हद तक बाढ़ की समस्या से निजात मिल जाएगी।

Advertisement

मंत्री ने कहा कि हम लोग काम में विश्वास करते हैं। जिस काम की घोषणा की, उसे पूरा कर छोड़ते हैं। कुशेश्वरस्थान में जलजमाव की समस्या को दूर करने पर भी काम चल रहा है। कार्यक्रम को स्थानीय विधायक अमन भूषण हजारी ने भी संबोधित किया। इसके पहले शंकर कुमार झा एवं मधुकांत झा मिंटू ने उन्हें मोमेंटो भेंट कर तथा प्रमुख हीरा प्रसाद सिंह ने पाग-चादर एवं पुष्प माला भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सीपीएम के अंचल मंत्री राम अनुज यादव, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार राय व राजेश कुमार राय, कांग्रेस के पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष राम भजन यादव, राजद के जयप्रकाश नारायण पासवान, जिया उल रहमान तारा, युवा जदयू के प्रदेश महासचिव गौरव कुमार राय आदि ने संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन कांग्रेस के जिला महासचिव मधुकांत झा मिंटू ने किया। मौके पर राजद के अशोक कुमार यादव, कांग्रेस के पलटन मुखिया, राम नारायण यादव, लूलन मिश्र, सच्चिदानंद चौधरी, संजीव झा, मो. मुजीब, राजीव कुमार झा, जदयू के दिलिप कुमार राय, राम जतन राय, राजद के चंद्रबली यादव, अशोक यादव, उमाशंकर राय, कैलाश चौपाल आदि उपस्थित थे।

Share