
सुरक्षा गार्ड बहाली में अनियमितता को लेकर सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
दरभंगा: समानता एजेंसी द्वारा कथित रूप से सुरक्षा गार्ड बहाली में हो रही अनियमितता के खिलाफ मंगलवार को सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने आयुक्त सह अध्यक्ष रोगी कल्याण समिति दरभंगा प्रमंडल दरभंगा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इससे संबंधित मांग पत्र दरभंगा प्रमंडलीय आयुक्त को दिया गया। मांग पत्र में कहा गया है कि डीएमसीएच दरभंगा की सुरक्षा के लिए चयनित एजेंसी सह नियोक्ता समानता सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड पटना द्वारा बहाली के नाम पर अवैध वसूली एवं भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए सभी पूर्व से कार्यरत सुरक्षाकर्मियों की सेवा अनवरत जारी रखने, बहाली एवं वर्दी के नाम पर अवैध 15,000 रुपये प्रति सुरक्षाकर्मी की वसूली पर रोक लगाने, सुरक्षाकर्मियों से वसूल की गयी राशि अविलंब वापस करने आदि की मांग की गई। धरना स्थल पर सीपीआईएम जिला सचिव मंडल सदस्य दिनेश झा की अध्यक्षता में सभा हुई। सीपीआईएम राज्य सचिव ललन चौधरी, विधायक दल के नेता अजय कुमार, राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती आदि ने सभा को संबोधित किया।

