Home Featured गैस सिलेंडर फटने से मां-बेटी झुलसकर गंभीर रूप से घायल।
Featured - मुख्य - October 1, 2022

गैस सिलेंडर फटने से मां-बेटी झुलसकर गंभीर रूप से घायल।

दरभंगा: कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हिरणी गांव में शनिवार की शाम खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर फटने से मां-बेटी झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गयी। मां-बेटी का इलाज पीएचसी सतीघाट में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार उक्त गांव के मुकेश ठाकुर की पत्नी शाम करीब 6.30 बजे गैस सिलेंडर से खाना बना रही थी। वहीं उसकी बेटी अनीषा कुमारी (5) मां के बगल में खेल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ गैस सिलिंडर ब्लास्ट कर गया। इससे घर के अंदर चारों तरफ आग फैल गयी। जब तक दोनों मां-बेटी घर से बाहर निकलती तब तक दोनों बुरी तरह झुलस चुकी थीं। सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज सुनकर लोग दौड़े और घर में फैली आग को मशक्कत के बाद बुझाने में सफल हुए। लेकिन सारा समान जल गया।

Advertisement

आग पर काबू पाने के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को पीएचसी सतीघाट में भर्ती कराया। वहां दोनों का इलाज चल रहा है। दोनों खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं।

बता दें कि प्रखंड क्षेत्र में आगलगी की घटनाएं होने पर जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंचती है तब तक जान-माल की भारी क्षति हो जाती है। कांग्रेस के जिला महासचिव मधुकांत झा मिंटू ने बताया कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने कई बार जिला प्रशासन से प्रखंड मुख्यालय सतीघाट में एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी रखने की मांग की लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं किया गया है।

Share