Home Featured डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में जनसेवा वार्ड की शुरुआत।
Featured - मुख्य - October 2, 2022

डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में जनसेवा वार्ड की शुरुआत।

दरभंगा: डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में अब मरीजों को फर्श पर इलाज कराने से छुटकारा मिल जाएगा। रविवार को विभागीय परिसर में स्थित रैन बसेरा में जनसेवा वार्ड की शुरुआत की गई। दो मंजिले भवन में मरीजों के लिए चालीस बेड लगाए गए हैं।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. हरिशंकर मिश्रा के अलावा वरीय चिकित्सकों ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से जनसेवा वार्ड का उद्घाटन किया। इस मौके पर अधीक्षक ने कहा कि मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होने से बेड कम पड़ जा रहे थे। इस वजह से कई मरीजों का इलाज फर्श पर ही करना पड़ रहा था। वार्ड में जगह कम पड़ जाने पर बरामदे में भी मरीजों को रखना पर रहा था। नए वार्ड की स्थापना के बाद सभी मरीजों को बेड मिल सकेगा। अधीक्षक ने कहा कि जनसेवा वार्ड में इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। गैस पाइप लाइन की भी व्यवस्था कर दी गई है। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र झा ने कहा कि नए वार्ड में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए नर्स और कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। जनसेवा वार्ड के खुल जाने से मरीजों को काफी राहत पहुंचेगी।

Advertisement

इस मौके पर उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार, निश्चेतना विभाग के अध्यक्ष डॉ. हरि दामोदार सिंह, रेडियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजय झा के अलावा मेडिसिन विभाग के वरीय चिकित्सक डॉ. आर के दास, डॉ. ए के महथा, डॉ. के के झा आदि मौजूद थे।

गौरतलब है कि डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में केवल 129 बेड स्वीकृत हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्व में 55 बेड का इजाफा किया गया था। फिर से बेड कम पड़ने के बाद चालीस बेड के जनसेवा वार्ड की शुरुआत की गई।

Share