
पानी में उपलाता मिला युवक का शव।
दरभंगा: तिलकेश्वर ओपी के बाघमारा गांव से पूरब स्थित पुलिया के पास से सोमवार शाम में एक युवक का शव पानी में उपलाता हुआ मिला। शव को देख आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई।

शव को देखने के लिए पुलिया के पास पहुंचे लोगों ने शव की शिनाख्त पूर्वी प्रखंड की सुघराईन पंचायत अंतर्गत लछमिनिया निवासी शिवकांत मुखिया के पुत्र कुंदन मुखिया (20) के रूप में की। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों के अनुसार कुंदन मानसिक रूप से विक्षिप्त था और दो दिनों से घर से गायब था। उसके लापता होने के बाद काफी खोजबीन की गयी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है। ओपी प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है।

