
दरभंगा एयरपोर्ट की समस्याओं को लेकर केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मिले संजय झा।
दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट चालू होते ही नेताओं में इसका क्रेडिट लेने की होड़ मची हुई थी। लेकिन जैसे ही यहां से सुविधाओं में कमी को लेकर शिकायत आने लगे और किराया वृद्धि कर एयरपोर्ट को बंद करने की साजिश वाली बात शुरू हुई तो नेताओं द्वारा एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है।
इसी बीच इन समस्याओं को लेकर बिहार के जल संसाधन मंत्री सह सूचना जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलकर दरभंगा एयरपोर्ट की समस्याओं से अवगत करवाया है और साथ इसके समाधान पर चर्चा की है।
सोमवार को बिहार के जल संसाधन मंत्री सह सूचना जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। उन्होंने इस बात की जानकारी मंगलवार को दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचने पर मीडिया को दी है।
इस दौरान उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों को हो रही विभिन्न असुविधाओं के लिए उड्डयन मंत्री को अवगत करवाया।

इस बाबत श्री झा ने बताया कि उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि दरभंगा उड़ान स्कीम के सबसे सफल एयरपोर्ट में शामिल है। बिहार के 17 जिलों और कुछ पड़ोसी राज्यों के लोग भी यहां से उड़ान भरते हैं। लेकिन, दरभंगा एयरपोर्ट से कई महत्वपूर्ण सर्किट पर उड़ान भरने वाली स्पाइस जेट की उड़ानों की संख्या तकनीकी एवं अन्य कारणों से करीब एक तिहाई कर दी गई है। इससे दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या भी कम हो गई है। इस कारण दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई किराये में अप्रत्याशित उछाल आ गया है।
आगे उन्होंने अनुरोध किया कि या तो स्पाइस जेट को उड़ानों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दें या उसके कोटे की उड़ानों के लिए किसी दूसरी एयरलाइंस कंपनी को अनुमति प्रदान करें। दरभंगा से प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ने से किराये में कमी आएगी। साथ ही उनसे किराये की अधिकतम सीमा निर्धारित करने का भी अनुरोध किया।

उन्हें यह भी जानकारी दी है कि दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग फेसिलिटी के लिए 24 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जो मार्च 2023 तक पूरी हो जाएगी। इसी तरह सिविल इन्क्लेव के निर्माण के लिए 52.5 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जो जून 2023 तक पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि, मंत्री श्री सिंधिया से अनुरोध किया है कि दरभंगा एयरपोर्ट पर उक्त दोनों जरूरी ढांचागत सुविधाओं के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया एवं अन्य जरूरी तैयारियां अविलंब शुरू कराएं, ताकि राज्य सरकार द्वारा अधिग्रहीत जमीन के हस्तांतरण के बाद निर्माण कार्य में विलंब न हो।
वहीं नागरिक उड्डयन मंत्री को श्री झा ने दरभंगा एयरपोर्ट के पास सिविल एविएशन सेवाओं से संबंधित एक ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खोलने का सुझाव दिया।
इसपर श्री सिंधिया ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे इस सुझाव पर गंभीरता से विचार करेंगे।

