Home Featured सरकार बदलते ही बदले गोपालजी ठाकुर के तेवर, एयरपोर्ट को लेकर नीतीश और उनके दूत पर बोला हमला!
Featured - मुख्य - October 4, 2022

सरकार बदलते ही बदले गोपालजी ठाकुर के तेवर, एयरपोर्ट को लेकर नीतीश और उनके दूत पर बोला हमला!

दरभंगा: केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी उड़ान योजना के तहत दरभंगा में संचालित एयरपोर्ट को लेकर बिहार में जब से सरकार बदली है नेताओं के बीच खूब बयानबाजी चल रही है। क्रेडिट लेने की होड़ जहां नेताओं में लगी थी, वहीं जिम्मेवारी लेने के समय एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। इस बीच ट्विटर पर दरभंगा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद गोपालजी ठाकुर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एयरपोर्ट के विकास व यात्री सुविधाओं को लेकर कई सवाल किए हैं। इस सिलसिले में उन्होंने कई ट्विट करते हुए लिखा है- नीतीश कुमार जी आपको एयरपोर्ट के संदर्भ में आपको जवाब देना होगा।

इसके साथ ही उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट पर नीतीश कुमार के राजनीतिक दूत पर भी हमला बोलते हुए लिखा है कि – श्री नीतीश कुमार जी कब तक जमीन आवंटन की प्रतीक्षा की जाएगी? यह उत्तर सम्पूर्ण मिथिलावासी जानना चाहती है और हाँ आप अपने राजनीतिक दूत को यह बात समझा दें कि इस समस्या का समाधान पटना में है दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं है जनता-जनार्दन भी इस बात को जानती है।

सांसद ने लगातार तीन ट्विट कर जो सवाल पूछे हैं उनमें कहा है कि एयर टरबाइन फ्यूल पर राज्य की सरकार वैट की दर अन्य राज्यों की अपेक्षा कितना अधिक लगा रही है? कब तक कम करेगी ताकि हवाई किराया में कमी हो सके। अतः फैक्ट पर बात करें और अफवाह फैला कर लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयत्न ना करें। जनता जनार्दन सब जानती है। दरभंगा एयरपोर्ट के लिए प्रस्तावित 78 एकड़ जमीन अधिग्रहण में और कितना विलंब करेगी। यदि समय से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया संपन्न करके एयरपोर्ट अथारिटी को सौंप दिया जाता तो विकसित एयरपोर्ट के रूप में जल्द ही दरभंगा एयरपोर्ट परिणत हो जाता और किसी एक एयरलाइंस की मनमानी नहीं चलती। अन्य एयरलाइंस में प्रतिस्पर्धा से स्वतः एयर टिकट कम हो जाएगा जिसका सीधा लाभ आम जनमानस को प्राप्त होगा। अंत में सांसद ने जो लाइन लिखी है वह यह कि – केवल और केवल बिहार की सरकार दरभंगा एयरपोर्ट के साथ साजिश कर रही है।

Advertisement

बता दें कि आठ नवंबर 2020 से दरभंगा एयरपोर्ट से आम आदमी के लिए हवाई सेवा शुरू की गई थी। हाल में किराए में हुई बेतहाशा वृद्धि को लेकर बिहार में सत्ता व विपक्ष के नेताओं में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इस कड़ी में सांसद का बयान तब आया है जब दरभंगा से एयर टिकट काफी महंगा हो गया है।

Share