
अम्बानी ग्रुप के हॉस्पिटल को उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को मुंबई पुलिस ने दरभंगा से किया गिरफ्तार।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: दरभंगा जिले के मनीगाछी थानाक्षेत्र के ब्रह्मपुरा से एक युवक को मुंबई पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर मुम्बई ले जाया गया। युवक पर आरोप है कि उसने अंबानी ग्रुप के एक हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
गुरुवार को इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए एसएसपी अवकाश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बुधवार को मुंबई पुलिस द्वारा उन्हें कॉल करके सहयोग मांगा गया था। इसके बाद तकनीकी सेल और स्थानीय थाना के सहयोग से युवक को गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी ने बताया कि हॉस्पिटल के नम्बर पर सुबह और शाम दो बार कॉल करके बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी। कॉल लोकेशन को ट्रेस करके मनीगाछी थानाक्षेत्र के ब्रह्मपुरा निवासी सुनील मिश्रा के पुत्र राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार युवक का फिलहाल कोई आपराधिक इतिहास पुलिस को पता नही चल पाया है। स्थानीय लोग और परिजनों के द्वारा उसे मानसिक रोगी बताया गया है।

