
पंचायत के दौरान मुखिया से मारपीट, एफआईआर दर्ज।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में ट्रैक्टर चालक से हुई लूटपाट की पंचायत के दौरान आरोपितों ने सढवाड़ा पंचायत की मुखिया के पति अरुण दास के साथ भरी सभा में मारपीट की एवं पंचों को गाली देकर भगा दिया। इस मामले में ट्रैक्टर के चालक सिमरी थाना क्षेत्र के बलहा निवासी रणधीर कुमार यादव के आवेदन पर सिमरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। बताया गया है कि रणधीर कुमार यादव गिट्टी पहुंचाकर ट्रेलर सहित ट्रैक्टर के साथ घर लौट रहा था। वह जैसे ही रसूलपुर पहुंचा कि उसी गांव के लखीन्द्र राम ने ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रोक लिया। उसने ट्रैक्टर ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया गया है कि उसने 20 हजार रुपए की रंगदारी मांगी और मारपीट के दौरान गले से सोने का हनुमानी सहित गिट्टी बेचकर रखे 93 हजार छह सौ रुपए छीन लिए। मारपीट की घटना के दौरान जब रणधीर चिल्लाने लगा तो घटनास्थल के बगल में स्थित आरोपित के घर से उसकी पत्नी और राम स्वार्थ राम की पत्नी मौके पर पहुंच गई। तीनों ने मिलकर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं थानाध्यक्ष शमशाद आलम ने बताया कि एफआईआर के साथ ही मामले का अनुसंधान शुरू किर दी गई है।


