
दरभंगा में अपराधियों का तांडव जारी, युवक की हत्या के बाद फायरिंग करते हुए भागे अपराधी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: दरभंगा में अपराधियों का तांडव जारी है। इसी क्रम में जिले के दियारा क्षेत्र कहे जाने वाले तिलकेश्वर ओपी क्षेत्र अंतर्गत तिलकेश्वर गांव में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार की देर रात की बताई जा रही है। बताया जाता है कि आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश स्थानीय निवासी किरणदेव मुखिया के घर के पास फायरिंग करने लगे। इसके बाद अफरातफरी की स्थिति हो गई। इसी बीच किरणदेव के 19 वर्षीय चचेरे भाई व रामजतन मुखिया के पुत्र विजय मुखिया को गोली मार दी गयी। जब तक लोग विजय को उठाकर अस्पताल ले जाते उससे पहले उसकी मौत हो गई। इस बीच सभी हमलावर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी अजीत कुमार सदल मौके पर पहुंचकर लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की। लेकिन, मुख्य आरोपित स्थानीय निवासी शंकर यादव सहित अन्य अपने घर से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने शंकर यादव के घर से तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। बताया जाता है कि शंकर यादव और किरणदेव मुखिया के बीच पूर्व से दुश्मनी चल रही है। इसी के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

