
कुलपति से मिलकर की समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपील।
दरभंगा: बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य एवं ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के सिंडिकेट के सदस्य प्रो. विनोद कुमार चौधरी ने रविवार को कुलपति से मिलकर विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं के संबंध में बातचीत की तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान करने की अपील की। प्रो. चौधरी ने शिक्षकों-कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन में हो रहे विलंब पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि विवि प्रशासन को सरकार से इस संबंध में बातचीत कर समस्या के समाधान का रास्ता निकालना चाहिए। प्रो. चौधरी ने विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय, विधि महाविद्यालय एवं डब्ल्यूआईटी की विभिन्न समस्याओं के संबंध में भी कुलपति से बातचीत की। छात्रों एवं कर्मचारियों के विभिन्न मुद्दों पर भी वार्ता हुई।

प्रो. चौधरी के साथ विश्वविद्यालय के सीनेट एवं वित्त समिति के सदस्य गोपाल चौधरी तथा संस्कृत विश्वविद्यालय सीनेट के सदस्य डॉ. संजीव झा भी उपस्थित थे। कुलपति ने समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।

